CG NEWS : युवक ने खुद के अपहरण की रची साजिश, वजह जानकर हो जायेंगे हैरान…

जांजगीर-चांपा, 08 जुलाई 2022 : जांजगीर थाना क्षेत्र के चंदनिया से बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ 3 दिन पहले लापता युवक ने खुद के अपहरण की साजिश रचकर अपनी पत्नी से ढाई लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस भी अपहरण का केस मानकर जांच कर रही थी, लेकिन युवक के पकड़े जाने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ। युवक अपनी पत्नी और कर्ज से परेशान होने की वजह से युवक ने यह कदम उठाया।

मिली जानकारी के के अनुसार, चंदनिया पारा निवासी महेंद्र शर्मा नाम का युवक 5 जुलाई की सुबह दूध लेने घर से निकला। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्वीच ऑफ आ रहा था। कुछ समय बाद महिला को एक फोन आया जिसमें कहा गया कि तुम्हारे पति को किडनैप कर लिया गया है। पति सुरक्षित चाहिए तो ढाई लाख रुपये देने की बात कही। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने किडनैपर की तलाश में जुट गई। कई टीमों को तलाश में लगाया। इसी बीच महेंद्र का मोबाइल ऑन हुआ। टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।

युवक जांजगीर से रायगढ़ होते हुए बिलासपुर तक पहुंच गया। इसके बाद जांजगीर पुलिस की एक टीम बिलासपुर पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से महेंद्र शर्मा को सीपत के पास गिरफ्तार किया गया। युवक ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि पत्नी से परेशानी होने के कारण उसने खुद के अपहरण की कहानी रची थी।