छत्तीसगढ़ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: पहले चरण में मतदान जारी, प्रदेश के सभी जिलों के 53 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में मतदान
छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत प्रदेश के सभी जिलों के 53 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। इस चरण में बैलेट पेपर के माध्यम से वोटिंग की जा रही है। सरगुजा जिले के अंबिकापुर, लखनपुर और उदयपुर ब्लॉक के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हैं, जबकि कांकेर में वोटिंग में 15 मिनट की देरी के कारण मतदाता नाराज नजर आए।
बस्तर संभाग में दोपहर 2 बजे तक वोट डाले जाएंगे, वहीं अन्य जगहों पर दोपहर 3 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी। वोटिंग के समय के समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि, संवेदनशील इलाकों में और किसी विवाद की स्थिति में वोट की गिनती अगले दिन ब्लॉक स्तर पर की जाएगी।

कुल 1,75,258 पदों के लिए चुनाव
चुनाव तीनों चरणों में कुल 1,75,258 पदों के लिए हो रहा है, जिनमें शामिल हैं:
- जिला पंचायत सदस्य: 433 पद
- जनपद पंचायत सदस्य: 2973 पद
- ग्राम पंचायत (सरपंच): 11,671 पद
- वार्ड (पंच): 1,60,161 पद
पहले चरण में मैदान में प्रत्याशी
पहले चरण में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी की संख्या:
- पंच पद के लिए: 60,203 प्रत्याशी
- सरपंच पद के लिए: 14,646 प्रत्याशी
- जनपद पंचायत सदस्य के लिए: 4,587 प्रत्याशी
- जिला पंचायत सदस्य के लिए: 702 प्रत्याशी
बैलेट पेपर का रंग कोड
- जिला पंचायत सदस्य: गुलाबी
- जनपद पंचायत सदस्य: पीला
- सरपंच: नीला
- पंच: सफेद
मतदाता और मतदान केंद्रों की संख्या
इस चुनाव में कुल 1,58,12,580 मतदाता रजिस्टर्ड हैं, जिनमें 78,20,202 पुरुष, 79,92,184 महिला और 194 अन्य मतदाता हैं। मतदान के लिए कुल 31,041 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7,128 केंद्र संवेदनशील और 2,161 अतिसंवेदनशील हैं।
पहले चरण में मतदान करने वाले 53 ब्लॉक
पहले चरण में मतदान बिलासपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, धमतरी, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, कबीरधाम, कोण्डागांव, बस्तर, नारायणपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों के ब्लॉक में मतदान होगा।
