कलेक्टर ने कृषि एवं संबंध विभागों की समीक्षा , निष्क्रिय किसान क्रेडिट कार्ड सक्रिय करने के दिए निर्देश…

रायपुर : कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने आज कृषि एवं संबधित विभागों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों का अवश्य देवें। पात्र किसानों जिन्होंने आवेदन दिया है यदि उनमें से जिन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया है। उन किसानों का विकासखंड वार सूची बनाए। आर.ए.इ.ओ. फील्ड में जाकर ऐसे किसानों से संपर्क करें, अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलवायें।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल किसान 01 लाख 65 हजार 686 है जिसमें से 01 लाख 44 हजार 486 पंजीकृत है, इनमें से 01 लाख 26 हजार 22 किसानों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से एक लाख 23 हजार 199 को इसका लाभ मिल रहा है। डॉ. गौरव सिंह ने यह भी कहा कि इस योजना के नेशनल पोर्टल में डाटा अपडेट रहे। इसके लिए पत्र भी लिखा जाए, ताकि सटीक स्थिति की जानकारी हो। उन्होंने कहा कि ई-केवायसी, लेंड सीडिंग और आधार सीडिंग की लंबित स्थिति का जल्द निराकरण करें।
किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिलें में एक लाख 59 हजार 501 केसीसी बनाए गए है। जिसमें से वर्ष 2022-23 में कुल एक लाख 56 हजार 131 और वर्ष 2023-24 में अब तक 3379 केसीसी बनाए गए है। उन्होंने जानकारी दी इनमें 69 हजार 305 केसीसी निष्क्रिय है। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से इसका कारण पूछा और कहा कि इसका सर्वे कराकर वास्तविक कारण पता करें। गांव में कितने परिवार है जिन्हे केसीसी देना है उनकी स्पष्ट सूची बनाए और निष्क्रिय केसीसी कार्ड को सक्रिय करने के लिए किसानों को प्रेरित करें।