‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ थीम पर होगी पुरुष हॉकी लीग

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार लगातार नई पहल कर रही है। इसी दिशा में प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ इस तरह की हॉकी लीग आयोजित करने वाला देश का पहला राज्य होगा। लीग की थीम ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। प्रतियोगिता में छह टीमें भाग लेंगी, जिनके नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति और स्थानीय पहचान से जुड़े होंगे।

अरुण साव ने यह जानकारी बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान दी। समारोह में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। एशियन गेम्स-2026 में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की।

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मान और आर्थिक सहायता

समारोह में संजू देवी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा पूर्व में घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव के लिए 11-11 लाख 12 हजार रुपए के विशेष सहायता पैकेज की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल सहायता के रूप में 2-2 लाख रुपए के चेक भी प्रदान किए गए।

उप मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की सफलता में उनके परिवारों की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके परिजनों को भी शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

बहतराई सेंटर में नई सुविधा का उद्घाटन

अरुण साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि बहतराई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और वर्षों की मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। चीन और जापान में देश और प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से जूझने की क्षमता विकसित होती है। खेल का मैदान खिलाड़ियों को असफलताओं से सीखकर दोबारा प्रयास करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के साथ खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से प्रशिक्षकों की व्यवस्था के साथ खेलों से जुड़ी अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाओं को और विकसित किया जाएगा।

अरुण साव ने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और आत्म-सुधार पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की सबसे बड़ी चुनौती स्वयं को बेहतर बनाने की होती है। किसी प्रतियोगिता में चयन न होने पर निराश होने के बजाय खिलाड़ियों को अपनी कमियों पर काम करते हुए और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

बहतराई में 16 करोड़ की खेल परियोजनाओं की योजना

समारोह के अध्यक्ष एवं बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट और अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है। इन कार्यों का भूमिपूजन जल्द किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।