नगर पालिक निगम बीरगांव में पर्यावरण दिवस पर अध्ययन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

बीरगांव |

आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 1 उरला स्थित एमआरएफ सेंटर (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर) में “प्रमुख सेवा प्रदाताओं हेतु अध्ययन एवं जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनप्रतिनिधियों तथा आमजन को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 (SWM Rules 2026) के संबंध में जनप्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर एमआरएफ सेंटर उरला में 50 से अधिक प्रकार के कचरे को पृथक-पृथक श्रेणियों में विभाजित कर प्रदर्शनी लगाई गई। बीरगांव क्षेत्र के विभिन्न एमआरएफ केंद्रों की दीदियों द्वारा कचरे के पृथक्करण एवं प्रबंधन की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों तथा निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आरआरआर सेंटर (रीयूज, रिड्यूस एवं रिसायकल सेंटर) अर्थात आदान-प्रदान केंद्र की जानकारी भी दी गई, जहाँ उपयोग योग्य वस्तुओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाने की व्यवस्था की जाती है। इस विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए लोगों को पुनः उपयोग एवं संसाधनों के संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।

नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा द्वारा नागरिकों से घरों में चार अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा सूखा, गीला एवं अन्य प्रकार के कचरे को पृथक रखने की अपील की गई। साथ ही जनप्रतिनिधियों से भी आमजन को स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया। उन्होंने कहा कि केवल वृक्षारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की देखभाल एक बच्चे की तरह करना भी आवश्यक है।

स्वास्थ्य अधिकारी श्री कमल नारायण जंघेल एवं जिला समन्वयक पीआईयू श्री विकास जांगड़े द्वारा कचरे की विभिन्न श्रेणियों, उनके पृथक्करण एवं अंतिम निष्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी गई।

उक्त कार्यक्रम में नगर पालिक निगम बीरगांव के सभापति श्री कृपा राम निषाद, नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहू, एमआईसी सदस्य श्री संतोष साहू, श्री उबरन दास बंजारे सहित पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।