TRE-4 अभ्यर्थियों का पटना में जोरदार प्रदर्शन, वैकेंसी बढ़ाने की मांग पर सड़कों पर उतरे हजारों छात्र

पटना।

शिक्षक भर्ती में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर TRE-4 अभ्यर्थियों ने पटना में बड़ा प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए, जिसके चलते राजधानी के कई इलाकों में भारी भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से शिक्षक भर्ती में वैकेंसी बढ़ाने और अभ्यर्थियों के हित में जल्द फैसला लेने की मांग की। आंदोलन के दौरान छात्र JP गोलंबर पहुंच गए, जहां स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बैरिकेडिंग की और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन तक मंगवानी पड़ी। प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर नारेबाजी और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला।

अभ्यर्थियों का कहना है कि बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवार होने के बावजूद पर्याप्त पद नहीं निकाले गए हैं, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कानून व्यवस्था पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

पटना में हुए इस प्रदर्शन के बाद शिक्षक भर्ती और रोजगार के मुद्दे पर बिहार की राजनीति भी गरमा गई है।