रायपुर में मोबाइल स्टोर पर करोड़ों की चोरी, 173 iPhone ले उड़े चोर; 1.89 करोड़ का सामान पार

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों ने मोबाइल स्टोर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। मरीन ड्राइव के सामने स्थित iNext मोबाइल स्टोर का शटर बीच से मोड़कर अज्ञात आरोपी दुकान के भीतर दाखिल हुए और करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान में कुल 173 आईफोन शामिल हैं। इसके अलावा स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान में लगा DVR भी आरोपी अपने साथ ले गए।

दुकान संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने 1 नवंबर की रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शटर मोड़कर दुकान में दाखिल हुए आरोपी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, दुकान संचालक 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे स्टोर बंद कर अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 8:30 बजे दुकान के मैनेजर स्वप्नशील सोनी ने फोन कर चोरी की जानकारी दी। मैनेजर ने बताया कि दुकान का शटर बीच से मुड़ा हुआ था। हैरानी की बात यह थी कि शटर के दोनों ताले बाहर से लगे हुए थे, लेकिन दुकान के अंदर अलमारियां और दराज खुले पड़े थे।

सूचना मिलने के बाद संचालक तत्काल दुकान पहुंचे। अंदर जांच करने पर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब मिले। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

173 आईफोन में सबसे ज्यादा iPhone 17 चोरी

दुकान से चोरी हुए सामान की सूची के मुताबिक कुल 173 आईफोन चोरी किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 132 नग iPhone 17 शामिल हैं। इसके अलावा अन्य मॉडल के आईफोन, स्मार्ट वॉच और हेडफोन भी चोरी हुए हैं।

FIR में चोरी गए सामान की कुल कीमत 1,88,97,942 रुपये दर्ज की गई है। इतनी बड़ी मात्रा में महंगे मोबाइल फोन की चोरी ने राजधानी के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

DVR भी ले गए चोर, पुलिस के सामने जांच की चुनौती

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान में लगा DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच प्रभावित हो सकती है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और आरोपियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

तेलीबांधा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस के सामने चोरी गए महंगे मोबाइल फोन की बरामदगी, आरोपियों की पहचान और इतनी बड़ी वारदात में शामिल लोगों तक पहुंचने की चुनौती है।