मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने देखा सारंग टीम का रोमांचकारी हवाई करतब: नवा रायपुर के आसमान में भारतीय वायु सेना के शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन

रायपुर, 01 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर आज नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अदम्य शौर्य, साहस, अनुशासन और अद्भुत उड़ान कौशल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के रोमांचकारी हवाई प्रदर्शन की फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए।

इस अवसर पर भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जाँबाजों ने अपने साहसिक करतबों, सटीक नियंत्रण और बेहतरीन तालमेल से उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया। आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा, हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ की गूंज से गदगद हुए दर्शक

हवाई प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन श्री अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय उद्घोष ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के माध्यम से प्रदेशवासियों का आत्मीय अभिवादन किया। इसके साथ ही अंतिम चरण में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने एक अविस्मरणीय दृश्य उपस्थित किया।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, युवाओं के लिए बताया प्रेरणादायी

मुख्यमंत्री श्री साय ने वायु सेना के जाँबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हमारे वायु वीरों का यह कौशल प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और राज्य के निरंतर विकास की कामना की।

2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन

फुल ड्रेस रिहर्सल के पश्चात कल 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम अपना मुख्य हवाई प्रदर्शन प्रस्तुत करेगी।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्रीमती कौशल्या साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।