मुख्यमंत्री ने पैरा खिलाड़ियों को दी 82 लाख की प्रोत्साहन राशि की सौगात
तोमन कुमार को 51 लाख और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये देने की घोषणा, मुख्यमंत्री निवास में किया सम्मानित
रायपुर। एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले प्रदेश के दो पैरा खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले तोमन कुमार को 51 लाख रुपये तथा पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने वाले अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत से किसी भी चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने संघर्ष, समर्पण और खेल प्रतिभा के दम पर यह साबित किया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, मजबूत इरादों के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।
नक्सली हमले में पैर गंवाने के बाद भी नहीं छोड़ा संघर्ष
बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार की उपलब्धि साहस और संकल्प की असाधारण मिसाल है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा के दौरान वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उनका बायां पैर चला गया। इसके बावजूद उन्होंने जीवन में आगे बढ़ने का हौसला नहीं खोया। वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत कर उन्होंने कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास से अपनी प्रतिभा को निखारा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार के अदम्य साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले इस जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली हमले में उन्होंने अपना पैर गंवाया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जुनून बरकरार रखा। मातृभूमि की रक्षा से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाने तक उनका सफर हर किसी के लिए प्रेरणादायक है।
क्लब फुट की चुनौती के बावजूद अभिजीत ने जीता कांस्य पदक
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना करने के बावजूद उन्होंने कभी अपने सपनों को पीछे नहीं छोड़ा। पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाकर उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के जरिए अपनी खेल क्षमता को विकसित किया। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक हासिल कर उन्होंने साबित किया कि मजबूत इच्छाशक्ति से कठिन से कठिन परिस्थितियों को भी मात दी जा सकती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अभिजीत की सफलता उन युवाओं के लिए विशेष प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को पाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों को भी बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों में परिवार का सहयोग, त्याग और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण योगदान देता है।
पैरा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। राज्य सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी दोनों खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और पैरालंपिक में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगे।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है। प्रधानमंत्री के संदेश ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो तथा दोनों खिलाड़ियों के परिजन उपस्थित थे।
