रायपुर में आज भाजपा मनाएगी संविधान गौरव दिवस, CM विष्णुदेव साय होंगे शामिल; अरुण साव बोले- कांग्रेस ने बाबा साहेब का कद छोटा करने की कोशिश की
शहीद स्मारक भवन में शाम 4 बजे से होगा कार्यक्रम, हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और सांसद संतोष पाण्डेय भी रखेंगे विचार
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आज 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी रायपुर के रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में शाम 4 बजे से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
संविधान के गौरव, उसके मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मंत्री, सांसद और विधायक भी होंगे शामिल
कार्यक्रम में प्रदेश के विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर के विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा रायपुर की महापौर मीनल चौबे, भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
अरुण साव का कांग्रेस पर हमला, बोले- बाबा साहेब का सम्मान नहीं किया
संविधान गौरव दिवस के आयोजन को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का उचित सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया।
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस के दो प्रधानमंत्रियों को भारत रत्न से सम्मानित किया गया, लेकिन बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को उनके जीवनकाल में यह सम्मान नहीं दिया गया। भाजपा समर्थित सरकार के कार्यकाल में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब का राजनीतिक कद छोटा करने की कोशिश की, ताकि वे नेहरू-गांधी परिवार के बराबर खड़े न हो सकें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दो बार लोकसभा चुनाव में बाबा साहेब को हराने की साजिश रची।
उप मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टी संविधान निर्माता का सम्मान नहीं कर पाई, वह संविधान के सम्मान का दावा किस आधार पर करती है।
