नक्सलवाद के बाद अब बस्तर में आर्थिक क्रांति की तैयारी: 5 लाख परिवारों की मासिक आय 30 हजार रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की समीक्षा, 5 साल में 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों तक पहुंचेगी विकास की योजना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के बाद अब बस्तर को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने बस्तर संभाग के ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और स्थानीय संसाधनों को रोजगार का माध्यम बनाने के लिए ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इस अभियान के तहत अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने और उनकी मासिक आय 20 से 30 हजार रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बस्तर के प्रत्येक पात्र परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। स्थानीय संसाधनों, ग्रामीणों की रुचि और क्षेत्र की संभावनाओं के अनुरूप स्थायी आजीविका के अवसर तैयार किए जाएं।

1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों पर रहेगा फोकस

स्वावलंबी बस्तर अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग के सात जिलों बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा को शामिल किया गया है। इन जिलों की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए पांच वर्षों की निवेश एवं क्रियान्वयन कार्ययोजना बनाई गई है।

52 उत्पादों के जरिए रोजगार और आय बढ़ाने की तैयारी

अभियान में कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर-कृषि और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन क्षेत्रों के 23 उपक्षेत्रों में लगभग 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है।

इसमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल-सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प और पर्यटन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

उत्पादन से लेकर बाजार तक तैयार होगी पूरी व्यवस्था

सरकार की योजना केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगी। ग्रामीणों को कच्चा माल, तकनीकी प्रशिक्षण, उत्पादन, संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए कलेक्शन सेंटर, भंडारण केंद्र, प्रसंस्करण इकाइयां और कोल्ड चेन विकसित करने की योजना है।

बस्तर के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जाएगा। ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के मायस्टोर सहित विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से उत्पादों की बिक्री की जाएगी।

दुग्ध उत्पादन से परिवारों को मिलेगी नियमित आमदनी

ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के सहयोग से दुधारू गाय उपलब्ध कराने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके साथ दूध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था विकसित होगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को नियमित आय का अवसर मिल सकेगा।

60 सरकारी योजनाओं को जोड़कर चलेगा अभियान

स्वावलंबी बस्तर अभियान को प्रभावी बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के 10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय किया जाएगा। ग्रामीण परिवारों को बिहान स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और वन धन विकास केंद्रों से जोड़ा जाएगा।

पूर्व सुरक्षा कैंप बनेंगे शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा

अभियान की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बस्तर संभाग में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित करने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़ा जाएगा, ताकि दूरस्थ गांवों के लोगों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सके।

गीदम और कांकेर में पायलट प्रोजेक्ट शुरू

अभियान के औपचारिक शुभारंभ से पहले गीदम और कांकेर विकासखंड में पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रारंभिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। यहां ग्रामीणों और स्व-सहायता समूहों के सदस्यों के साथ कार्यशालाएं, प्रशिक्षण, परिवारों का सर्वेक्षण और परिवारवार आजीविका कार्ययोजना तैयार करने का काम किया जा रहा है।

बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अभियान के लिए अलग प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने, प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी निर्धारित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर स्वीकृति मिलते ही जमीनी स्तर पर तेजी से काम शुरू करने पर जोर दिया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता के.के. कटारे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बस्तर के विकास को मिलेगी नई दिशा

स्वावलंबी बस्तर अभियान के जरिए सरकार का प्रयास है कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधन, वन संपदा, कृषि और स्थानीय हुनर को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ा जाए। इससे बस्तर के ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई संभावनाएं खुल सकती हैं।