तीन वर्षों में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल, प्रधानमंत्री की गारंटियों के क्रियान्वयन, औद्योगिक निवेश, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बस्तर में शांति एवं विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में उठाए कदम
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिसंबर 2023 में सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई। किसानों को दो वर्षों का बकाया धान बोनस दिया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया। वहीं, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं की घोषणा के साथ-साथ यह सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दे रही है कि उनका लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे।
स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच दूरस्थ क्षेत्रों तक बढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है।
बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन शुरू हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए दूरस्थ गांवों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज आधारित उद्योगों के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगारपरक उद्योगों के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। बीते तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें करीब 50 प्रतिशत प्रस्ताव आधुनिक तकनीक और अधिक रोजगार उपलब्ध कराने वाले क्षेत्रों से जुड़े हैं।
उन्होंने बताया कि उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने और कारोबार की प्रक्रिया सरल करने के उद्देश्य से 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। दो जनविश्वास अधिनियमों के जरिए दंडात्मक प्रावधानों में बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 से निवेशकों को सुविधाएं मिल रही हैं।
नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित करने की दिशा में भी काम हो रहा है।
युवाओं को रोजगार के साथ उद्यमिता के लिए भी प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरी के अवसर देने के साथ उन्हें स्वयं का उद्यम शुरू करने और दूसरों के लिए रोजगार उपलब्ध कराने के योग्य बनाना भी सरकार की कार्ययोजना का हिस्सा है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के तहत प्रदेश में पांच हजार स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
तकनीकी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप युवाओं को तैयार करने के लिए शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में नई पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत प्रदेश के 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। छह शासकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
प्रदेश में 273 करोड़ रुपये की लागत से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है। यहां प्रतिवर्ष चार हजार युवाओं को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा नाइलिट, निफ्ट, नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट और राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की स्थापना की दिशा में भी पहल की गई है।
महतारी वंदन से 68 लाख महिलाओं को मिल रही सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो केंद्र सरकार के निर्धारित लक्ष्य का 179 प्रतिशत है। महिलाओं के नाम पर अचल संपत्ति की रजिस्ट्री कराने पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-ईट का काम फिर से महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है, जिससे उनके लिए आजीविका के अवसर बढ़ेंगे।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा को मजबूत किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं।
बालिकाओं की शिक्षा और आदिवासी क्षेत्रों में स्कूलों का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण देने के लिए ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत 6,671 शासकीय स्कूलों में शौचालय निर्माण की पहल की गई है। सरस्वती साइकिल योजना से 1.62 लाख बालिकाओं को लाभ मिला है। वहीं, दो हजार स्कूलों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं।
बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में लंबे समय से बंद पड़े स्कूलों को फिर से शुरू किया गया है। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार इन प्रयासों से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा और आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
बस्तर में सुरक्षा के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण तैयार करने के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया गया है। सुरक्षा शिविरों को शहीद गुंडाधुर ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और आजीविका के साधनों का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकता है।
धान खरीदी और इनपुट सब्सिडी से किसानों को राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। उन्होंने बताया कि एक अन्य निर्णय के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।
पर्यटन और जनजातीय विरासत को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक स्थल और जनजातीय परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने के साथ मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन शुरू किया गया है। छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के जरिए लोक कला, नृत्य, संगीत, पारंपरिक खान-पान और विरासत को व्यापक मंच दिया जा रहा है। अखरा विकास योजना के तहत जनजातीय आस्था स्थलों का विकास किया जा रहा है। नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय की स्थापना भी की गई है।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है। इसके माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।
आवास, सौर ऊर्जा और आधुनिक अधोसंरचना का विस्तार
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सड़क, रेल, आवास, पेयजल, ऊर्जा और शहरी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
हर गांव और हर परिवार तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार की विकास नीति का उद्देश्य केवल आर्थिक आंकड़ों में वृद्धि करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के साथ युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय क्षेत्रों से लेकर औद्योगिक एवं शहरी इलाकों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय, आधुनिक तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी के आधार पर छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। सरकार का प्रयास है कि विकास की इस यात्रा में कोई व्यक्ति, परिवार या क्षेत्र पीछे न रहे और समृद्धि के अवसर प्रदेश के प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचें।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख नवीन पुरोहित, स्टेट हेड निधि प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
