ग्रामीण सड़कों की निगरानी अब डिजिटल ऐप से, हर छह माह में होगा सर्वेक्षण
पीएमजीएसवाई की सभी चरणों की सड़कें ऐप से जुड़ेंगी
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ऐप में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ चरण के अंतर्गत निर्मित सभी सड़कों को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से सड़कों की स्थिति की रियल टाइम निगरानी की जा सकेगी। सर्वेक्षण के दौरान सड़कों का वीडियो बनाकर दिनांक, समय और जियो लोकेशन के साथ ऐप पर अपलोड किया जाएगा। सड़क पर मौजूद गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और अन्य समस्याओं को भी डिजिटल मैप पर दर्ज किया जाएगा। निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सैटेलाइट इमेज का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
सड़क संबंधी शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण
ऐप के माध्यम से किसी भी ग्रामीण सड़क की खराब स्थिति की शिकायत मिलने पर उसकी वास्तविक स्थिति का तत्काल पता लगाया जा सकेगा। इससे क्षतिग्रस्त हिस्सों की पहचान, मरम्मत की प्राथमिकता तय करने और संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय में निराकरण करने में मदद मिलेगी। डिजिटल निगरानी से सड़कों के रखरखाव की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
सर्वेक्षण में देरी होने पर ऐप देगा अलर्ट
अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक छह महीने में सभी संबंधित सड़कों का सर्वेक्षण किया जाएगा। निर्धारित अवधि में सर्वेक्षण पूरा नहीं होने पर ऐप स्वतः अलर्ट जारी करेगा। इससे अधिकारियों को लंबित सर्वेक्षण की जानकारी समय पर मिलेगी और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था मजबूत होगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रारंभिक चरण में प्रदेश की 150 से अधिक सड़कों का वीडियो तैयार कर उनका सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐप की सभी तकनीकी सुविधाओं का व्यावहारिक परीक्षण करने और इसके संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की शीघ्र भर्ती करने को कहा। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को समुचित प्रशिक्षण देने तथा मैदानी स्तर पर आने वाली तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता के.के. कटारे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव भीम सिंह ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
