छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों का आतंक: मुखबिरी के शक में ग्रामीण की हत्या, एक महीने में 7वीं वारदात

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में ग्रामीण मुकेश हेमला की बेरहमी से हत्या कर दी। गंगालूर थाना क्षेत्र के रेड्डी गांव में मुकेश को किडनैप करने के बाद उसकी हत्या कर लाश को झाड़ियों में फेंक दिया गया। शव के पास नक्सलियों के पर्चे भी बरामद हुए हैं।

गंगालूर एरिया कमेटी के 4-5 सशस्त्र नक्सलियों ने मुकेश को साप्ताहिक बाजार से अगवा किया था। अगवा किए जाने के एक दिन बाद उसकी लाश मिली। नक्सलियों का यह खूनी खेल लगातार जारी है।

एक महीने में 7 हत्याएं, 9 दिनों में 6 वारदातें

पिछले एक महीने में नक्सलियों ने बीजापुर और सुकमा जिलों में 7 लोगों की हत्या की है। 5 से 13 दिसंबर के बीच 9 दिनों में 6 हत्याएं हुईं, जिनमें 3 भाजपा कार्यकर्ता, एक आंगनवाड़ी सहायिका और 2 ग्रामीण शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से अब तक नक्सलियों के हाथों 1800 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

गृहमंत्री का बयान: “यह खूनी खेल अब बंद होना चाहिए”

छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों की इस हिंसा को घोर निंदनीय बताया। उन्होंने कहा, “यह खूनी खेल गलत है और इसे तुरंत बंद होना चाहिए। नक्सली बस्तर के विकास में बाधा डाल रहे हैं। इनके बड़े नेताओं के बच्चे विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि यहां ये स्कूल बनने नहीं दे रहे।”

गृहमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाने की बात कही।

You may have missed