रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव से 15 दिनों में हटेगी जलकुंभी: विधायक पुरंदर मिश्रा और निगम आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण; ठेकेदार को कड़ी फटकार
रायपुर: राजधानी रायपुर के सबसे प्रमुख पर्यटन और हैंगआउट स्पॉट्स में से एक, तेलीबांधा मरीन ड्राइव (तेलीबांधा तालाब) की बदहाली और गंदगी को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त रुख अपना चुका है। तालाब में तेजी से फैल रही जलकुंभी और चारों तरफ फैली अव्यवस्था की शिकायतों के बाद आज आला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
विधायक और निगम आयुक्त ने संभाली कमान
मरीन ड्राइव की बदहाली की जमीनी हकीकत जानने के लिए रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा खुद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे तालाब क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां फैली गंदगी तथा जलकुंभी को देखकर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
लापरवाही पर ठेकेदार को फटकार, 15 दिनों का अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान तालाब की सफाई व्यवस्था में भारी लापरवाही पाई गई। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सफाई का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदार को मौके पर ही जमकर फटकार लगाई। आयुक्त ने ठेकेदार को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए 15 दिनों के भीतर तालाब से पूरी जलकुंभी साफ करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा के अंदर सफाई नहीं हुई, तो ठेकेदार के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर लगेगा भारी जुर्माना
निरीक्षण के दौरान मरीन ड्राइव के आसपास संचालित चौपाटी और दुकानों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी पर भी चिंता जताई गई। विधायक पुरंदर मिश्रा और निगम आयुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि जो भी दुकानदार कचरा सीधे तालाब में फेंकेंगे या नियमों का उल्लंघन करेंगे, उन पर नगर निगम द्वारा भारी जुर्माना लगाया जाएगा। प्रशासन ने दुकानदारों को डस्टबिन का अनिवार्य उपयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
