रायपुर की कहानियों को मिलेगी नई आवाज, शुरू होगा ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ पॉडकास्ट
शहर और छत्तीसगढ़ की प्रेरक शख्सियतों, अनसुनी कहानियों और सामाजिक योगदान को डिजिटल मंच पर सहेजने की तैयारी
रायपुर। राजधानी और छत्तीसगढ़ से जुड़ी ऐसी कहानियां, जिन्होंने समाज और शहर के विकास में अपनी अलग पहचान बनाई है, अब डिजिटल मंच पर लोगों तक पहुंचेंगी। रायपुर जिला प्रशासन ने शहर की प्रेरणादायक यात्राओं, उल्लेखनीय व्यक्तित्वों और सामाजिक योगदान को रिकॉर्ड करने के लिए ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ नाम से पॉडकास्ट शुरू करने की पहल की है।
पॉडकास्ट की शुरुआत और इसकी कार्ययोजना को लेकर नगर निगम मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार हुई। इसमें नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, उपायुक्त डॉ. अंजली शर्मा के साथ राहुल कुमार सिंह, अनुराधा दुबे, अर्चना जैन, असीम चंदेल और निष्ठा जोशी मौजूद रहे।
शहर की अनकही कहानियां होंगी केंद्र में
बैठक में पॉडकास्ट के स्वरूप, विषय चयन, प्रस्तुति शैली और संभावित अतिथियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ में उन लोगों की जीवन यात्रा और अनुभवों को सामने लाने पर जोर रहेगा, जिन्होंने अपने काम से रायपुर और छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक और विकास यात्रा में योगदान दिया है।
पॉडकास्ट में शहर के बदलते स्वरूप, कला-संस्कृति, नागरिक अनुभवों और रायपुर से जुड़ी ऐसी कहानियों को भी जगह दी जाएगी, जो आम तौर पर सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा नहीं बन पातीं।
नालंदा परिसर में बनेगा रिकॉर्डिंग स्टूडियो
‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ की रिकॉर्डिंग नालंदा परिसर स्थित कला केंद्र के स्टूडियो में की जाएगी। इसके जरिए शहर और प्रदेश की विविध आवाजों एवं अनुभवों को व्यवस्थित तरीके से रिकॉर्ड कर व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की योजना है।
डिजिटल मंच के साथ भविष्य के लिए दस्तावेज
जिला प्रशासन की यह पहल केवल पॉडकास्ट प्रसारण तक सीमित नहीं रहेगी। इसका उद्देश्य रायपुर और छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अनुभवों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखना भी है। आने वाले समय में यह मंच शहर की पहचान और विकास यात्रा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कहानियों के दस्तावेज के रूप में काम कर सकता है।
