शुभारंभ फाउंडेशन एवं लोकतंत्र प्रहारी ने बढ़ते कदम आनंद आश्रम में मातृशक्ति की सेवा कर मनाया स्नेह का पर्व

रायपुर, । सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए शुभारंभ फाउंडेशन एवं लोकतंत्र प्रहारी के संयुक्त तत्वावधान में बढ़ते कदम आनंद आश्रम, लभांडी रायपुर में निवासरत माताओं के बीच सेवा एवं सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम की माताओं को स्नेहपूर्वक उनकी दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी उपयोगी सामग्री भेंट की गई। इस अवसर पर सभी ने माताओं का आशीर्वाद प्राप्त कर उनके साथ आत्मीय समय बिताया। आयोजन का उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा।


शुभारंभ फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा कटनकर ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में अपनत्व और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में फाउंडेशन की सचिव डॉ. अरुणा यादव सहित संस्था एवं लोकतंत्र प्रहारी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने आश्रम की माताओं के साथ संवाद कर उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की तथा भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।