नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर छत्तीसगढ़ पुलिस का मंथन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नए आपराधिक कानूनों को लागू करने की दिशा में छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि ई-साक्ष्य और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के क्षेत्र में प्रदेश पुलिस ने महज तीन महीनों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रैंकिंग 26वें स्थान से सुधारकर 9वें स्थान पर पहुंचाई है। उन्होंने इसे पुलिसकर्मियों के सतत प्रशिक्षण, मेहनत और आधुनिक तकनीक के बेहतर इस्तेमाल का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य छत्तीसगढ़ को नए आपराधिक कानूनों के अनुरूप पूरी तरह डिजिटल न्याय व्यवस्था से जोड़ना है। इसके लिए पुलिस, अभियोजन और न्यायिक संस्थाओं को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता सुधारने, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया, ताकि आपराधिक मामलों में दोषसिद्धि दर बेहतर हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस की स्थापना के मात्र 24 वर्षों के भीतर प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ सम्मान प्राप्त होना प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि है। यह सम्मान पुलिस बल के अनुशासन, कार्यक्षमता, पेशेवर प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक संकल्प
संविधान दिवस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने पुलिस विभाग के कार्यों और नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था की मजबूती में मैदानी स्तर पर तैनात जवानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप निष्पक्ष और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में पुलिसकर्मियों के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित प्रबंधन, ई-साक्ष्य प्रणाली और आधुनिक विवेचना तकनीकों को और मजबूत बनाने की जरूरत पर बल दिया।
35 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को मिला नए कानूनों का प्रशिक्षण
पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जी.पी. सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस और एचएनएलयू के संयुक्त प्रयासों से अब तक विभिन्न स्तरों के 35 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
एचएनएलयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने कहा कि कानूनी सुधारों को प्रभावी बनाने के लिए संस्थागत क्षमता का विकास और नियमित प्रशिक्षण जरूरी है। उन्होंने जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसे प्रावधानों को नागरिकों के लिए न्याय तक पहुंच आसान बनाने वाला महत्वपूर्ण सुधार बताया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नए आपराधिक कानूनों की मसौदा समिति के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रणबीर सिंह की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ पुलिस तथा एचएनएलयू के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए थे। इसके तहत भारतीय पुलिस सेवा और राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के साथ मैदानी स्तर के पुलिसकर्मियों, नवनियुक्त उप पुलिस अधीक्षकों और उप निरीक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण तथा पुनश्चर्या पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
वैज्ञानिक विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया की चुनौतियों पर चर्चा
समिट में तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें आपराधिक मामलों की जांच और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में साक्ष्य संकलन, जब्ती की प्रक्रिया, कानूनी प्रावधानों और प्रक्रियागत गलतियों से बचने के उपायों पर जानकारी दी।
पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार तिवारी ने आपराधिक न्याय व्यवस्था में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तथा विवेचना की निष्पक्षता और गुणवत्ता बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया।
छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक न्यायालय के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अधूरी जांच, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की कमजोर कड़ियों और फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने में देरी जैसी चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मजबूत अभियोजन के लिए समयबद्ध जांच, साक्ष्यों का वैज्ञानिक संकलन और विवेचना में सटीकता आवश्यक है।
प्रदेशभर के 35 हजार पुलिसकर्मी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े
समिट में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 300 पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष भागीदारी की। इसके अलावा यूट्यूब पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसके माध्यम से सभी जिलों के लगभग 35 हजार पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जुड़े। अभियोजन तथा फोरेंसिक विभाग के अधिकारियों ने भी ऑनलाइन माध्यम से समिट में सहभागिता की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दीपांशु काबरा, पुलिस महानिरीक्षक ओ.पी. पाल, उप पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार, राज्य पुलिस अकादमी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, सोनिया उके और शुभम तोमर सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। समिट का समन्वय एचएनएलयू के प्रभारी कुलसचिव डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव और सेंटर फॉर कम्पैरेटिव लॉ के प्रमुख अभिनव के. शुक्ला ने किया।
