रायपुर: मेकाहारा अस्पताल से महिला ने एक दिन का बच्चा चोरी किया, पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया

रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में एक महिला ने भरोसा जीतकर एक दिन के नवजात बच्चे को चोरी कर लिया। महिला ने खुद अपने बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया था और फिर अस्पताल में घूम-घूम कर बच्चा चोरी करने के लिए रेकी कर रही थी। 4 जनवरी को जब एक महिला का बच्चा हुआ, तो आरोपी महिला ने लाड प्यार के बहाने नवजात को गोद में उठाया और इसके दौरान बच्चा चोरी कर लिया। महिला के घरवाले भी लापरवाह थे और उन्होंने महिला को बार-बार नवजात बच्चे को गोद में पकड़ने दिया, जिसका फायदा आरोपी महिला ने उठाया।

हालांकि, पुलिस ने महज एक घंटे में ही दो आरोपियों को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया, जब वे चोरी किए गए बच्चे के साथ बिलासपुर भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। यह घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है।

पुलिस को 4 जनवरी को दोपहर करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि मेकाहारा के डिलीवरी वार्ड से एक नवजात बच्चा चोरी हो गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें एक महिला के हाथ में बच्चा दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला रानी साहू (45) प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी, लेकिन ट्रेन के आने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस मामले में रानी साहू, पायल साहू और राजा साहू को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *