रायपुर में आज शाम नहीं आएगा पानी: 42 इलाकों में मचेगा हाहाकार, बिजली मेंटेनेंस के कारण 3 फिल्टर प्लांट बंद
रायपुर: राजधानी रायपुर के एक बड़े हिस्से में आज शाम पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने वाली है। अगर आप इन प्रभावित इलाकों में रहते हैं, तो पानी का इस्तेमाल संभलकर करें। बिजली विभाग के काम की वजह से शहर के तीन बड़े फिल्टर प्लांट आज बंद रहेंगे, जिससे शाम को नगर निगम द्वारा की जाने वाली पानी की सप्लाई नहीं होगी।
क्या है पानी न आने का कारण? छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (CSPDCL) द्वारा रावणभाठा उपकेंद्र में 33 केवी लाइन पर मेंटेनेंस (रखरखाव) और भूमिगत केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने का बेहद जरूरी काम किया जा रहा है। इस तकनीकी काम के लिए बिजली सप्लाई रोकी गई है। बिजली गुल रहने के कारण शहर के तीन बड़े फिल्टर प्लांट— 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी पूरी तरह बंद रहेंगे, जिससे टंकियां नहीं भरी जा सकेंगी।
ये 42 इलाके होंगे सबसे ज्यादा प्रभावित आज शाम को रायपुर के जिन प्रमुख इलाकों में जल संकट रहेगा, उनमें शामिल हैं: डंगनिया, ईदगाहभाठा, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकरबेड़ा, बैरन बाजार और देवेंद्र नगर।
राहत की बात: कल सुबह से सामान्य होगी सप्लाई नगर निगम के जलकार्य विभाग ने नागरिकों को राहत देते हुए साफ किया है कि आज सुबह की पानी सप्लाई सामान्य रही है। यह समस्या सिर्फ आज शाम के लिए है। 12 जून की सुबह से पूरे शहर में पानी की आपूर्ति फिर से नियमित और सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी।
नगर निगम ने प्रभावित इलाकों के लोगों से पानी सुरक्षित रखने और इसे व्यर्थ न बहाने की अपील की है।
