रायपुर : नगर निगम में अफसरों को अतिरिक्त जिम्मेदारी, जागृति साहू, जसदेव सिंह बाबरा और संगीता साहू को मिले नए प्रभार
रायपुर, 4 अगस्त 2026।
रायपुर नगर निगम में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर नई व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार उपायुक्त जागृति साहू को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग (जाति प्रमाण पत्र शाखा) के उपायुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी प्रकार उपायुक्त जसदेव सिंह बाबरा को उनके मौजूदा कार्यों के अलावा सामान्य प्रशासन विभाग के उपायुक्त तथा जोन क्रमांक-2 के चेक संबंधी कार्यों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं प्रभारी उपायुक्त संगीता साहू को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ जनसूचना अधिकारी (PIO) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
प्रभारी अपर आयुक्त कृष्णा खटीक को दी गई भावभीनी विदाई
इधर, नगर निगम मुख्यालय में प्रभारी अपर आयुक्त कृष्णा खटीक के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
आयुक्त ने कृष्णा खटीक की लंबी प्रशासनिक सेवाओं और उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, प्रभारी अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय सहित नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कृष्णा खटीक के कार्यकाल को प्रेरणादायी बताते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
