रायपुर में आफत की बारिश: 12 साल बाद डूबा महादेवघाट का पुराना पुल, खारून नदी उफान पर, दुर्ग-पाटन मार्ग बंद

रायपुर:

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में पिछले 24 से 36 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। रायपुर में पिछले 36 घंटों के भीतर 117 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिसके चलते खारून नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है।

12 साल बाद जलमग्न हुआ महादेवघाट का पुराना पुल

खारून नदी में आए भीषण उफान की वजह से रायपुर के प्रसिद्ध महादेवघाट स्थित पुराना पुल जलमग्न हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह ऐतिहासिक पुराना पुल लगभग 12 साल बाद पानी में पूरी तरह डूबा है।

रायपुर का दुर्ग, अमलेश्वर और पाटन से संपर्क टूटा

पुल और महादेवघाट मार्ग जलमग्न होने के कारण रायपुर का दुर्ग, अमलेश्वर और पाटन से सीधा संपर्क कट गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने महादेवघाट मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी है और आवागमन को पूरी तरह रोक दिया है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्गों (डाइवर्टेड रूट) से आवाजाही की व्यवस्था की गई है।

निचली बस्तियों और घरों में घुसा पानी

भारी बारिश से शहर की कई निचली बस्तियों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। सुंदर नगर, महादेवघाट रोड, मोवा, जल विहार कॉलोनी और पुरानी विधानसभा रोड जैसे इलाकों में सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया है। कई निचले इलाकों में लोगों के घरों के भीतर पानी घुस जाने से भारी नुकसान की खबर है। नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।