रायपुर में भारी बारिश से हाहाकार: मुख्यमंत्री के निर्देश पर रायपुर समेत प्रदेशभर के स्कूलों में छुट्टी घोषित, प्रशासन अलर्ट पर

रायपुर:

राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और जगह-जगह उपजे जलभराव के गंभीर हालात को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में अवकाश (छुट्टी) घोषित कर दिया है।

सुरक्षा को लेकर सख्त आदेश जारी

मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि जलभराव और भारी बारिश के कारण किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो।

प्रशासन और स्थानीय निकाय अलर्ट मोड पर

बारिश के चलते खारून नदी सहित कई नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों के घरों में पानी भर गया है। स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों को निचले इलाकों में सतत निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।