मोहला-मानपुर में धान खरीदी शुरू, पहले दिन 92 किसानों ने बेचा 3,400 क्विंटल धान
मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है। खरीदी के पहले दिन ही विभिन्न उपार्जन केंद्रों में किसानों का उत्साह देखने को मिला। किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त कर अपनी उपज बेचने पहुंचे। पहले दिन जिले के 92 किसानों ने कुल 3,400 क्विंटल धान का विक्रय किया। वहीं, 96 किसानों को 4,000 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन जारी किए गए थे।
शासन द्वारा इस खरीफ विपणन वर्ष में धान खरीदी के लिए 15 जनवरी 2027 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। किसानों को नजदीक में ही खरीदी की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में 16 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी प्रक्रिया भी सुगम होगी।
धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत जिले में 14 चेकपोस्ट स्थापित कर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त विकासखंड स्तर पर तहसीलदारों की अध्यक्षता में निगरानी दल गठित किए गए हैं, जो खरीदी व्यवस्था और धान के परिवहन पर लगातार नजर रखेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ किसानों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां की गई हैं। खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नवीन धान उपार्जन केंद्र भावसा से खरीदी उत्सव का आगाज
जिले में धान खरीदी उत्सव की शुरुआत नवीन धान उपार्जन केंद्र भावसा से की गई। शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राधिका अंधारे, रेखा कोठारी, कलेक्टर तनुजा सलाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
नवीन उपार्जन केंद्र के शुरू होने से भावसा और आसपास के क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। इससे किसानों का समय और परिवहन संबंधी खर्च बचेगा तथा धान खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।
