मैदानी दौरे पर अधिकारियों ने परखी योजनाओं की हकीकत, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

मोहला, 30 अगस्त 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्ज्वल पोरवाल और जनपद पंचायत सीईओ शुभांगी गुप्ता ने विभिन्न ग्रामों का दौरा किया। इस दौरान निर्माणाधीन कार्यों, पंचायत की व्यवस्थाओं और आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत छुरिया स्थित निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र से हुई। अधिकारियों ने भवन निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। जिला पंचायत सीईओ ने भवन का निर्माण तय समयावधि में पूरा करने के साथ निर्माण में निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कार्य में विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण तथा भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। लंबित भुगतान को नियमानुसार तीन चरणों में करने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी परिसर में स्वच्छता, बाउंड्री और आसपास के क्षेत्र को सुव्यवस्थित रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके बाद टीम ने कुंजामटोला में संचालित कुक्कुट पालन गतिविधि का निरीक्षण किया। महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों से बातचीत कर कुक्कुट पालन से प्राप्त होने वाली आय, उत्पादन और आजीविका से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली गई। उज्ज्वल पोरवाल ने महिलाओं को स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध अवसरों के आधार पर अन्य आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और नियमित आय के अवसर बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

कुंजामटोला ग्राम पंचायत भवन पहुंचकर अधिकारियों ने कार्यालय के संचालन, स्वच्छता, दस्तावेजों और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। पंचायत भवन में शासन की योजनाओं, हेल्पलाइन और महत्वपूर्ण संपर्क नंबरों से संबंधित जानकारी को स्पष्ट एवं अद्यतन रूप में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गांव के सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने कहा गया।

मैदानी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के एक हितग्राही के घर पहुंचकर आवास निर्माण की प्रगति भी देखी गई। हितग्राही से किश्तों के भुगतान की जानकारी लेने पर उसने बताया कि आवास निर्माण के लिए निर्धारित किश्तें समय पर प्राप्त हुई हैं। अधिकारियों ने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने तथा भवन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ उज्ज्वल पोरवाल ने अधिकारियों और मैदानी अमले से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत कार्यालयों को अधिक व्यवस्थित और जनसुविधा केंद्रित बनाने तथा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।