तखतपुर में 4.50 करोड़ से बनेगा नालंदा परिसर

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जीवन में बड़ी सफलता हासिल करने के लिए ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करना, मजबूत इच्छाशक्ति रखना और पूरी लगन के साथ मेहनत करना जरूरी है। सीमित संसाधन और कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं, बशर्ते व्यक्ति में अपने सपनों को पूरा करने का दृढ़ संकल्प हो। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे समय रहते अपने जीवन का लक्ष्य तय करें और सुनियोजित तरीके से उसकी प्राप्ति के लिए प्रयास करें। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

चौधरी बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित रामसदन में आयोजित शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लगभग 4 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटर नालंदा परिसर का शिलान्यास किया। साथ ही करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन भी किया। नालंदा परिसर का निर्माण नगर के जीएमपी स्कूल के समीप किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह ने की।

गांव के सरकारी स्कूल से आईएएस बनने तक का सफर साझा किया

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने विद्यार्थियों के बीच अपने जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी शुरुआती पढ़ाई रायगढ़ जिले के एक गांव के सरकारी स्कूल में हुई। उस समय स्कूल में शिक्षकों की कमी थी और अध्ययन के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। बारहवीं की पढ़ाई के बाद भिलाई पहुंचने पर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें जुटाना भी उनके सामने बड़ी चुनौती थी। कई जरूरी पुस्तकों की तलाश में उन्हें दिल्ली तक जाना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने कठिनाइयों को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत की।

उन्होंने मसूरी स्थित प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी से जुड़ा एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि एक बार वे अकादमी देखने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिल पाया। उसी समय उन्होंने संकल्प लिया कि वे एक दिन इसी संस्थान में आईएएस अधिकारी बनकर प्रवेश करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, अपने सपनों और महत्वाकांक्षाओं को सीमित नहीं करना चाहिए। दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से हर मुश्किल लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा बेहतर वातावरण

वित्त मंत्री ने कहा कि अपने विद्यार्थी जीवन में उन्होंने अच्छी पुस्तकों और अध्ययन सुविधाओं की कमी को महसूस किया था। इसी अनुभव ने युवाओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्र विकसित करने की सोच को मजबूत किया। रायपुर कलेक्टर रहते हुए उन्होंने लगभग 19 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया था, जहां वर्तमान में करीब तीन हजार युवा अध्ययन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और पुस्तकालयों में निवेश किसी भी क्षेत्र के बेहतर भविष्य की आधारशिला है। नालंदा परिसर केवल किताबें पढ़ने की जगह नहीं, बल्कि युवाओं को अपने सपने साकार करने का अवसर देने वाला केंद्र है। तखतपुर में बनने वाला परिसर भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के 22 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। तखतपुर में इस परियोजना की स्वीकृति के लिए विधायक धरमजीत सिंह ने लगातार प्रयास किए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के विभाग के माध्यम से प्रस्ताव आगे बढ़ने के बाद इसे मंजूरी मिली। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी एक से डेढ़ वर्ष में निर्माण पूरा होने पर तखतपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

करियर चयन के लिए स्कूल स्तर से ही तैयारी जरूरी, एक हजार पुस्तकें देने की घोषणा

वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन देते हुए कहा कि दसवीं और बारहवीं कक्षा से ही अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर विषय एवं करियर का चयन करना चाहिए। विद्यार्थियों को पहले से यह स्पष्ट होना चाहिए कि उन्हें किस क्षेत्र में आगे बढ़ना है, उसके लिए कौन-सी परीक्षाएं देनी होंगी और उनकी तैयारी किस तरह करनी है। अगले चार से पांच वर्षों का लक्ष्य तय कर नियमित और योजनाबद्ध अध्ययन करने से सफलता की संभावनाएं बढ़ती हैं।

उन्होंने छत्तीसगढ़ में संचालित राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों, उच्च शिक्षा के अवसरों और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इनका लाभ उठाने की सलाह दी। स्कूलों में करियर काउंसिलिंग को जरूरी बताते हुए उन्होंने तखतपुर के लिए एक हजार ऐसी पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिनमें प्रतियोगी परीक्षाओं, विभिन्न पाठ्यक्रमों और करियर विकल्पों से संबंधित उपयोगी जानकारी होगी।

विकास कार्यों से तखतपुर को मिल रही नई पहचान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक धरमजीत सिंह ने नालंदा परिसर की सौगात को क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार जताया।

विधायक ने कहा कि तखतपुर क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने लगभग 47 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरीय अस्पताल की स्वीकृति, विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना और उद्यानिकी महाविद्यालय सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया। इन कार्यों से तखतपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में विकास को नई गति मिलेगी।

किसानों को सिंचाई परियोजनाओं की स्वीकृति का भरोसा

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किसानों की जरूरतों को देखते हुए नर्मदा व्यपवर्तन योजना सहित दो सिंचाई परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने किसानों से धान विक्रय के दौरान कोचियों और दलालों के बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और उनके हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सामान्य ज्ञान के सवाल का सही जवाब देने वाले छात्र को मिला पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और सिविल सेवा तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। एक प्रश्न का सही उत्तर देने वाले छात्र आयुष जांगड़े को एक हजार रुपए की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, जिज्ञासु बने रहने और लगातार अपने ज्ञान में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।