पीएम स्वनिधि से छोटे कारोबारियों को मिला आर्थिक संबल

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने ठेला-खोमचा और छोटे व्यवसाय से आजीविका चलाने वाले लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान की है। पहले जिनकी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा साहूकारों के ब्याज चुकाने में खर्च हो जाता था, अब वही राशि कारोबार बढ़ाने, बच्चों की शिक्षा और परिवार की खुशहाली में उपयोग हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि छोटे कारोबारी आर्थिक रूप से सशक्त बनें और सम्मान के साथ अपना जीवन आगे बढ़ाएं। प्रत्येक परिवार की आत्मनिर्भरता से ही प्रदेश और देश के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

अरुण साव ने बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय स्वनिधि महोत्सव में हितग्राहियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने स्मार्ट ठेला पंजीयन व्यवस्था का शुभारंभ किया और इससे संबंधित पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को पहचान पत्र मिलने से उनके व्यवसाय संचालन में सहूलियत होगी। कार्यक्रम में हितग्राहियों को यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान साउंड बॉक्स भी वितरित किए गए। साथ ही बेहतर व्यवसाय संचालित करने वाले पथ विक्रेताओं और उनके मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया।

बिना गारंटी ऋण से कारोबार को मिला नया अवसर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे कारोबारियों का जीवन कठिन परिश्रम और संघर्ष से जुड़ा होता है। पहले उन्हें व्यवसाय के लिए साहूकारों से ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज लेना पड़ता था। कोरोना महामारी के दौरान इनकी आजीविका पर गंभीर संकट आया। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी समस्याओं को समझते हुए वर्ष 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू की। योजना के माध्यम से बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे लाखों पथ विक्रेताओं को दोबारा कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राही अगले चरण में क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपए तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने हितग्राहियों से नियमित रूप से ऋण चुकाने, आगामी चरणों का लाभ लेने और अपनी आमदनी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कारोबार से होने वाली आय का उपयोग बच्चों की बेहतर शिक्षा और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में करें। इसके साथ ही शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जुड़ें। उन्होंने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और पात्र हितग्राहियों को 30 हजार रुपए तक की यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्वच्छता के बाद स्वनिधि योजना में भी बिलासपुर को राष्ट्रीय सम्मान

अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर विकास और उपलब्धियों के नए आयाम स्थापित कर रहा है। स्वच्छता के क्षेत्र में शहर को देश में दूसरा स्थान मिला है, वहीं छोटे शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर में प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड कार पार्किंग का लोकार्पण किया है। अब पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी छत्तीसगढ़ और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को नई दिल्ली में दोनों को सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने नगरीय निकायों, बैंक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और योजना के हितग्राहियों को बधाई दी।

पथ विक्रेता अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी : सुशांत शुक्ला

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। पथ विक्रेता देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पीएम स्वनिधि योजना उन्हें आर्थिक सहायता देने के साथ आत्मविश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि यह योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने योजना के दायरे में अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाने और ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने की आवश्यकता बताई। कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने भी कहा कि योजना ने छोटे व्यवसायियों को निजी साहूकारों के कर्ज और ऊंचे ब्याज से राहत दिलाने में अहम योगदान दिया है।

छोटे उद्यमी विकसित भारत की मजबूत नींव : सोनमणि बोरा

नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हाट-बाजारों, सड़कों और चौक-चौराहों पर कारोबार करने वाले पथ विक्रेता आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करते हैं। उनका योगदान सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था में अत्यंत महत्वपूर्ण है। सम्मेलन में ऐसे कई हितग्राही मौजूद हैं, जिन्होंने योजना के तीनों चरणों में ऋण लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार किया है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से ऋण संबंधी औपचारिकताओं को आसान बनाने और छोटे कारोबारियों को प्राथमिकता से सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ये उद्यमी न केवल अपने परिवार की आजीविका चलाते हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं। इस तरह वे विकसित भारत की नींव मजबूत कर रहे हैं।

प्रदेश में 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को मिला 282 करोड़ का ऋण

कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना से पथ विक्रेताओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया। जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ में अब तक 1.23 लाख से अधिक हितग्राहियों को 282 करोड़ रुपए से ज्यादा का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। योजना में बिना गारंटी ऋण के साथ 7 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन का प्रावधान है।

भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों ने हितग्राहियों को वित्तीय समावेशन, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जानकारी दी। स्वनिधि चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण की पहल की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों और नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, कोरबा निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, दीपक सिंह और मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।