बीरगांव नगर निगम में ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ का वृहद शिविर, 6527 आवेदनों पर हुई कार्रवाई
बीरगांव। सेवा संकल्प माह के अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार” के तहत रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-48 में आडवाणी आर्लिकोन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बीरगांव परिसर में विधानसभा स्तरीय वृहद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं और आवेदनों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर में रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहू, पूर्व महापौर श्रीमती अम्बिका यदु, स्थानीय पार्षदगण, नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, एसडीएम श्री नभ सिंह कोशले, तहसीलदार श्री राजकुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं काउंटरों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प और मार्गदर्शन से प्रेरित होकर जनसेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। “सरकार आपके द्वार” की भावना के साथ आयोजित ऐसे शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का उनके नजदीक समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र एवं बीरगांव में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ स्वच्छता, जनभागीदारी और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत कुल 6527 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 6505 आवेदन मांग संबंधी तथा 22 आवेदन शिकायत संबंधी थे। इनमें से 6500 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
निराकृत आवेदनों में 6482 मांग संबंधी तथा 18 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। वहीं 27 आवेदन लंबित हैं, जिनमें 23 मांग संबंधी और 4 शिकायत संबंधी प्रकरण हैं। इन प्रकरणों का संबंधित विभागों द्वारा त्वरित परीक्षण किया जा रहा है तथा शीघ्र निराकरण की कार्रवाई जारी है।
शिविर में विभिन्न विभागों ने नागरिकों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं—राजस्व विभाग: 3962 प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण, श्रम विभाग: 1826 आवेदनों का स्थल पर निपटारा, भवन अनुज्ञा: 409 आवेदनों की तत्काल स्वीकृति, सूर्य घर योजना: 113 आवेदनों का समाधान, आयुष्मान कार्ड: 34 हितग्राही लाभान्वित, मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना: 10 हितग्राही लाभान्वित, नामांतरण: 64 प्रकरणों का निराकरण, पेयजल: 18 प्रकरणों का समाधान, अनुज्ञप्ति/लाइसेंस: 12 प्रकरणों का निराकरण, विद्युत: 2 प्रकरणों का निराकरण, राशन कार्ड संबंधित प्रकरणों का निराकरण, शिविर में मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत नगर पालिक निगम बीरगांव क्षेत्र के 10 हितग्राहियों को सम्मान राशि प्रदान की गई। प्रत्येक हितग्राही को ₹32,850 के मान से कुल ₹3 लाख 28 हजार 500 रुपये की राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा श्रमिक कार्ड वितरण, नोनी सुरक्षा योजना और दीदी ई-रिक्शा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में पात्र हितग्राहियों को लाभ एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से जुड़े बाढ़ आपदा प्रभावित हितग्राहियों को सहयोग राशि उपलब्ध कराने संबंधी प्रकरणों पर भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर में योजनाओं का लाभ देने के साथ ही नागरिकों से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का भी निराकरण किया गया। राशन कार्ड, नामांतरण, पेयजल, लाइसेंस, विद्युत, भवन अनुज्ञा एवं अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं को लोगों के नजदीक उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के समन्वय से आयोजित शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर पात्र प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
सेवा सेतु अभियान “सरकार आपके द्वार” की भावना के अनुरूप शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है। शिविर में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों की समस्याएं सुनकर पात्र प्रकरणों पर मौके पर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
सेवा सेतु अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सेवाओं एवं विभागीय सुविधाओं का लाभ उठाएं।
