लायंस क्लब रायपुर वेस्ट का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न: रुद्र नारायण शर्मा बने नए अध्यक्ष
रायपुर। लायंस क्लब रायपुर वेस्ट के वर्ष 2026-27 के लिए नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय “विमतारा” हॉल में अत्यंत गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में लायन रुद्र नारायण शर्मा ने अध्यक्ष पद की कमान संभाली। उनके साथ लायन कमल किशोर अग्रवाल को सचिव और लायन उत्तम दानी को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा क्लब के डायरेक्टर्स, विभिन्न समितियों के चेयर पर्सन और तीन नए सदस्यों ने भी अपने पदों की शपथ ली।
दिग्गज पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएमजेएफ (PMJF) पूर्व गवर्नर लॉयन तिलोकचंद बरड़िया थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा से पधारे पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ (MJF) लायन जे. पी. अग्रवाल उपस्थित रहे। समारोह में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट (2026-27) एमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी शामिल हुए, जबकि शपथ अधिकारी की भूमिका द्वितीय वाइस डिस्ट्रिक्ट गर्वनर इलेक्ट पीएमजेएफ लॉयन अनिल अग्रवाल ने निभाई। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कैबिनेट टीम और रायपुर के अन्य लायंस क्लबों के पदाधिकारियों सहित क्लब सदस्यों ने सपरिवार सहभागिता की।
आगामी वर्ष की प्राथमिकताएं और योजनाएं
क्लब के चार्टर अध्यक्ष लायन डॉ. राजेश खेमका ने नई टीम को अपना आशीर्वचन दिया, वहीं कैबिनेट सेक्रेटरी एमजेएफ लायन ईश्वर अग्रवाल ने ‘मास्टर ऑफ सेरेमनी’ के रूप में मंच का बेहतरीन संचालन किया। कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने में पूर्व अध्यक्ष लायन प्रेम प्रकाश शर्मा, लायन अजय अग्रवाल, लायन मनोज कनोडिया और लायन मुकेश अग्रवाल की टीम का विशेष योगदान रहा।
नव नियुक्त अध्यक्ष लायन रुद्र नारायण शर्मा ने अपनी आगामी कार्य योजना साझा करते हुए कहा कि उनका मुख्य फोकस सदस्यता वृद्धि, डोनेशन, सेवा गतिविधियों का विस्तार और सदस्यों के प्रशिक्षण पर रहेगा। कार्यक्रम का समापन नव नियुक्त सचिव लायन कमल अग्रवाल के धन्यवाद ज्ञापन और सुरुचिपूर्ण रात्रि भोज के साथ हुआ।
