भारत-पाकिस्तान मुकाबला आज, हरमनप्रीत के नाम दर्ज होगा ऐतिहासिक रिकॉर्ड
दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला रात 8 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम लगातार दो जीत के साथ पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है, जबकि पाकिस्तान के लिए यह मैच नॉकआउट की दौड़ में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम है।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इस मुकाबले में उतरते ही टी-20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान 150 मैच पूरे करेंगी। ऐसा करने वाली वह दुनिया की पहली क्रिकेटर बन जाएंगी।
चार मैचों से अजेय है टीम इंडिया
भारतीय टीम शानदार लय में है और पिछले चार मुकाबलों से उसे हार नहीं मिली है। एशिया कप टी-20 में पाकिस्तान के खिलाफ भी भारत का रिकॉर्ड मजबूत रहा है। पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार अक्टूबर 2022 में एशिया कप के मुकाबले में हराया था। यह टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ उसकी अब तक की एकमात्र जीत है। दोनों टीमों के बीच एशिया कप में खेले गए बाकी छह मुकाबले भारत ने जीते हैं।
टी-20 इंटरनेशनल में दोनों टीमें अब तक 17 बार आमने-सामने हुई हैं। भारत ने इनमें से 14 मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान के खाते में सिर्फ तीन जीत हैं।
जीत के साथ पाकिस्तान की सेमीफाइनल उम्मीद मजबूत
ग्रुप में भारत चार अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान दो अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है। पाकिस्तान अगर भारत को हरा देता है तो उसके टॉप-4 में पहुंचने की स्थिति मजबूत हो जाएगी। वहीं हार की स्थिति में उसे अपने आखिरी लीग मैच में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी।
मंधाना का बल्ला और दीप्ति की गेंदबाजी बनी ताकत
भारत की ओर से स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। मंधाना ने दो मैचों में 193.24 के स्ट्राइक रेट से 143 रन बनाए हैं। पिछले मुकाबले में उन्होंने 124 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को बड़ी जीत दिलाई थी।
गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा सबसे प्रभावी रही हैं। उन्होंने दो मैचों में महज 2.16 की इकोनॉमी से छह विकेट लिए हैं। थाईलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्होंने बिना कोई रन दिए तीन विकेट हासिल किए थे।
मुनीबा और सादिया पर पाकिस्तान की नजर
पाकिस्तान को बल्लेबाजी में मुनीबा अली से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। उन्होंने टूर्नामेंट में खेले अपने एकमात्र मैच में 54 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में सादिया इकबाल पाकिस्तान की प्रमुख हथियार रही हैं। उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ तीन विकेट लेकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी और 2.75 की इकोनॉमी से रन खर्च किए।
दुबई की पिच पर स्पिन का असर
टूर्नामेंट के शुरुआती सात मुकाबलों में छह बार टॉस जीतने वाली टीम ने पहले गेंदबाजी करना पसंद किया है। अब तक केवल भारत ही 150 से ज्यादा का स्कोर बनाने में सफल रहा है। शुरुआत में बल्लेबाज तेजी से रन जुटा रहे हैं, लेकिन डेथ ओवर्स में रन बनाने की गति कुछ कम हुई है।
दुबई की पिच पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिल रही है। टूर्नामेंट में स्पिनर्स ने 5.1 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 71 विकेट चटकाए हैं, जबकि तेज गेंदबाजों को 31 विकेट मिले हैं।
37 डिग्री तापमान में खेला जाएगा मुकाबला
शनिवार को मैच शुरू होने के समय दुबई का तापमान करीब 37 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना भी दुबई की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों को ‘स्टीम बॉक्स’ जैसा बता चुकी हैं।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, भारती फुलमाली, रिचा घोष, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।
पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, ईमान फातिमा, उम्म-ए-हानी, तुबा हसन, नशरा संधू, सादिया इकबाल।
