चक्रवात ‘अकवान’ का असर: रायपुर समेत 11 जिलों में यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का प्रभाव दिखाई देने लगा है। गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद रायपुर में मौसम ने करवट ली। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई। शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचते नजर आए। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पेंड्रा में भी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। कई स्थानों पर रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। इसके चलते तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर सहित प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ आज दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इसके गोपालपुर के आसपास तट पार करने की संभावना है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
रायपुर में सामान्य से नीचे रहा तापमान
मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही तापमान सामान्य से कम रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री नीचे रहा। दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन 11 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर के अलावा बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
