ठंडी में घूमने के लिए आदर्श जगह: छत्तीसगढ़ का तांडुला डैम, जहां प्राकृतिक सुंदरता और फन एक्टिविटी का मिलेगा शानदार अनुभव

जैसे-जैसे छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ रही है, लोगों में घूमने-फिरने का उत्साह और भी बढ़ता जा रहा है, खासकर नए साल से पहले कुछ खास पल संजोने की इच्छा सभी में उमड़ पड़ी है। अगर आप छत्तीसगढ़ में कम बजट में कहीं खूबसूरत जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, जहां आप अपने दोस्तों, परिवार या पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिता सकें और कुछ मजेदार एक्टिविटी भी कर सकें, तो आपके लिए खुशखबरी है। हम आपको रायपुर से महज 94 किमी दूर बालोद जिले में स्थित तांडुला डैम के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां की खूबसूरती और गतिविधियों के बारे में जानकर आपका दिल खुश हो जाएगा।

सर्दियों में छुट्टियों के लिए यह समय बिल्कुल आदर्श माना जाता है। यदि आप भी इस ठंडी में कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो तांडुला डैम और इसकी प्राकृतिक सुंदरता आपको आकर्षित कर सकती है। यह डैम बालोद जिले के एक महत्वपूर्ण जलाशय के रूप में जाना जाता है, जिसे सिंचाई और पीने के पानी की आपूर्ति के लिए बनाया गया था। यह तांडुला नदी पर स्थित है, जो शिवनाथ नदी की सहायक नदी है। तांडुला डैम का निर्माण 1912-1921 के बीच अंग्रेजों द्वारा किया गया था, और यह बालोद शहर से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

समुद्र जैसा अनुभव
तांडुला डैम अपनी खूबसूरत प्राकृतिक छटा और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां लोग पिकनिक, बोटिंग और फोटोग्राफी का आनंद लेने आते हैं। इसके आसपास की हरियाली और पहाड़ों का दृश्य इसे और भी आकर्षक बना देता है। आप यहां बोटिंग का मजा सिर्फ 200 रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से ले सकते हैं। इसके अलावा, शाम होते ही यहां ढलते सूरज का दृश्य ऐसा लगता है जैसे आप समुद्र के किनारे खड़े हों। इस खूबसूरत नजारे को देख आपके मन में यहीं रुकने की इच्छा होगी और आपको यह जगह छोड़ने का दिल नहीं करेगा। तांडुला डैम के दृश्य इतने शानदार होते हैं कि आप फोटोग्राफी करते-करते थक जाएंगे।

अगर आप इस सर्दी में किसी शांत और सुंदर स्थान की तलाश में हैं, तो तांडुला डैम आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।