सभी धर्मों की एकता का प्रतीक बना रायपुर रेलवे स्टेशन का हनुमान मंदिर, भव्यता के साथ मना हनुमान जन्मोत्सव
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ‘सर्व धर्म हनुमान मंदिर’ में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सभी धर्मों के लोगों की सहभागिता से सामाजिक एकता और समरसता का अनूठा उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

राज्यपाल रामेन डेका की गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रामेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और आयोजन की भव्यता की सराहना की।

कुबेर राठी बोले—सेवा ही जीवन का परम लक्ष्य
समाजसेवी कुबेर राठी ने इस अवसर पर कहा कि बजरंगबली की सेवा ही उनके जीवन का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि महीनों की तैयारी और सैकड़ों सेवादारों के सहयोग से यह आयोजन सफल हुआ है। उन्होंने इसे प्रभु की कृपा बताया और सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
15 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित विशाल महाभंडारे में लगभग 10 से 15 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ‘जय बजरंगबली’ के जयघोष से पूरा रेलवे स्टेशन परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।


महाआरती और आतिशबाजी ने बांधा समां
रात्रि में गंगा आरती की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इसके पश्चात लेजर शो और आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, विधायक पुरन्दर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एकता और आस्था का संदेश
यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और भाईचारे का प्रतीक बनकर सामने आया, जहां हर वर्ग और हर धर्म के लोगों ने मिलकर भक्ति का उत्सव मनाया।
