निःशुल्क HLA जांच शिविर से थैलेसीमिया व सिकलसेल बच्चों को मिलेगी नई उम्मीद
February 10, 2026 upi24 news
रायपुर।
थैलेसीमिया और सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बच्चों के लिए 13 फरवरी 2026 को रायपुर में निःशुल्क HLA जांच एवं परामर्श जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सचदेव धर्मशाला हॉल, रमन मंदिर मार्ग, फाफाडीह में आयोजित होगा।
काश फाउंडेशन की अध्यक्ष सुरेश काजल सचदेव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शिविर का उद्देश्य दूर-दराज़ और ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों तक जांच व विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा पहुँचाना है। इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों—बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, उड़ीसा और महाराष्ट्र—से बड़ी संख्या में बच्चे भाग लेने आ रहे हैं।
शिविर में प्रति व्यक्ति लगभग 13,000 रुपये का HLA टेस्ट पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा, जो DKMS संस्था के सहयोग से होगा। यह जांच मुंह की लार (सलाइवा) से की जाती है, जिसकी रिपोर्ट लगभग चार माह में जर्मनी से प्राप्त होती है।
इस अवसर पर Narayana Health City के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सुनील भट बच्चों को निःशुल्क परामर्श देंगे और जांच करेंगे। डॉ. भट अब तक लगभग ढाई हजार बोन मैरो ट्रांसप्लांट कर चुके हैं। शिविर में थैलेसीमिया व सिकलसेल के अलावा ल्यूकेमिया, एप्लास्टिक एनीमिया और कैंसर से पीड़ित बच्चे भी विशेषज्ञ को निःशुल्क दिखा सकते हैं।
HLA जांच के माध्यम से बोन मैरो ट्रांसप्लांट की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा सकता है, जिससे कई बच्चों को नया जीवन मिल सकता है। काश फाउंडेशन लंबे समय से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को सहयोग, मार्गदर्शन और जागरूकता प्रदान कर रहा है।
फाउंडेशन ने आमजन से अपील की है कि इस जानकारी को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रह जाए।

