बंद कमरे मे मिली लाशें,2 बच्चों का गला घोंटकर पिता ने दी जान…

रायपुर, 8 अगस्त 2022: रायपुर के धरसीवा इलाके में एक पिता ने अपने दो बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी। 30 साल का रामेश्वर साहू अपनी 6 साल की बेटी और 9 साल के बेटे के साथ इस घर में रह रहा था । पत्नी साथ नहीं रहती थी। 2 दिनों से कोई घर से बाहर नहीं निकला था। बदबू आने पर स्थानीय लोगों को गड़बड़ी का शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया, कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांक कर देखा गया तो अंदर बच्चे बेसुध पड़े दिखे। 

गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में दरवाजे की कुंडी तोड़कर देखा गया तो तीनों की सड़ी लाशें पड़ी थीं। मिली जानकारी के अनुसार पहले रामेश्वर ने अपने दोनों बच्चों का गला रस्सी या किसी कपड़े से घोंट दिया। इसके बाद उसने खुद कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर के अंबेडकर अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इस केस में और जानकारी सामने आएंगी। बच्चों और रामेश्वर की लाश काफी हद तक खराब हो चुकी थी उसमें से बदबू आ रही थी। इस वजह से माना जा रहा है कि घटना एक 2 दिन पुरानी हो सकती है। अब तक की जांच में पुलिस को मामला दो बच्चों की हत्या के बाद पिता की खुदकुशी कर लेने का ही लग रहा है।