रायपुर: सीएम विष्णु देव साय की मौजूदगी में मनेगा ‘दीदी के गोठ’ का पहला वार्षिकोत्सव, 9 जुलाई को जुटेगी ग्रामीण महिलाओं की शक्ति

रायपुर: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से सुदृढ़ और सशक्त बनाने वाले अनूठे मंच “दीदी के गोठ” ने अपनी सफलता का एक वर्ष पूरा कर लिया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) द्वारा संचालित इस कार्यक्रम की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 09 जुलाई 2026 को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में “दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव–2026” सह संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

सीएम विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि, डिप्टी सीएम विजय शर्मा करेंगे अध्यक्षता

इस गरिमामय और बड़े पैमाने पर होने वाले वार्षिकोत्सव समारोह में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा करेंगे। इस अवसर पर राज्यभर से विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय आला अधिकारी और स्व-सहायता समूहों (SHGs) की हजारों महिलाएँ इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेंगी।

महिलाओं के संघर्ष और ‘लखपति दीदी’ से लेकर ‘ड्रोन दीदी’ बनने का सफर

इस वार्षिकोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल की उन महिलाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करना और सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता और कड़े संघर्ष से समाज में अपनी पहचान बनाई है।

गौरतलब है कि “दीदी के गोठ” के प्रथम एपिसोड का प्रसारण अगस्त 2025 में हुआ था, जो पूरी तरह से “लखपति दीदी” विषय पर केंद्रित था। इसके बाद से हर महीने के दूसरे गुरुवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से महिला समूहों द्वारा कई महत्वपूर्ण विषयों पर सफलता की प्रेरक कहानियाँ साझा की गईं, जिनमें प्रमुख हैं:

  • ड्रोन दीदी और एफपीसी (FPC) के माध्यम से आधुनिक खेती।

  • जेंडर समानता, वित्तीय जागरूकता और साइबर सुरक्षा।

  • सरस मेला और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने वाला “छत्तीसकला” ब्रांड

9 जुलाई को होगा विशेष प्रसारण, भविष्य की योजनाओं पर होगी चर्चा

एक साल के इस बेमिसाल सफर को संजोते हुए 09 जुलाई 2026 को “दीदी के गोठ” की एकवर्षीय सफल यात्रा का एक विशेष प्रसारण भी किया जाएगा। समारोह के दौरान सालभर उत्कृष्ट कार्य करने वाली और कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए भविष्य की नई कार्ययोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।

‘बिहान’ प्रबंधन ने प्रदेश के सभी नागरिकों, स्व-सहायता समूहों और मीडिया जगत से इस महत्वपूर्ण उत्सव में शामिल होकर ग्रामीण नारी शक्ति का हौसला बढ़ाने की अपील की है।