वन महोत्सव में गूंजा हरियाली का संदेश, हर परिवार से एक पेड़ लगाने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का स्वरूप देने की दिशा में वन विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी (बड़ेराजपुर) में आयोजित वनमंडल स्तरीय वन महोत्सव-2026 में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने पौधरोपण कर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

मंत्री कश्यप ने मैंदा प्रजाति का पौधा रोपते हुए लोगों से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को ‘एक पेड़, एक जीवन’ का संकल्प दिलाया और प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में वन संरक्षण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता विकसित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं।

वन महोत्सव में विद्यार्थियों को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने छात्रों से पौधों की जिम्मेदारी लेने तथा शासकीय संस्थानों में अधिक से अधिक हरित परिसर विकसित करने की अपील की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने ‘हमारा संकल्प-एक पेड़, एक जीवन; हरित भारत, स्वस्थ भारत’ की शपथ ली। पर्यावरण के प्रति प्रेम और संरक्षण का संदेश देने के लिए पौधों को राखी भी बांधी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर क्षेत्र विकास और शांति के नए दौर की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वन आधारित आजीविका को मजबूत करने के लिए लघु वनोपज के संग्रहण और प्रसंस्करण को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे वनवासियों की आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने लोगों से अवैध एवं अनावश्यक वृक्ष कटाई रोकने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

वन महोत्सव के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि और प्रोत्साहन भी प्रदान किया गया। राज मोहिनी देवी अनुदान योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 2.30 लाख रुपये तथा प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छह छात्राओं को 1.20 लाख रुपये की सहायता दी गई। तेंदूपत्ता संग्रहण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले संग्राहकों को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

वन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए आठ संयुक्त वन प्रबंधन समितियों और 11 वन कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, वन मंडलाधिकारी दिव्या गौतम, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।