रायपुर : छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में शामिल, चीन में होने वाले एशिया कप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
रायपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत की ओर से मैदान में उतरेंगी।
दोनों खिलाड़ी वर्तमान में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। इनके चयन से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिली है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी शुभकामनाएं
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की भी जानकारी ली।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा विभाग की संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।
बिलासपुर एक्सीलेंस सेंटर में मिला प्रशिक्षण
भारतीय जूनियर टीम में चयनित मधु सिदार और गीता यादव, प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण ले रही हैं। दोनों खिलाड़ियों की सफलता को प्रदेश के खेल विकास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
मधु सिदार का प्रेरणादायक सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार एक किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।
मधु ने सब-जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा सब-जूनियर इंटर जोन चैम्पियनशिप 2025 में हिस्सा लिया। वर्ष 2025 में आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैम्पियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। इसके अलावा वह वर्ष 2026 में छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी हिस्सा ले चुकी हैं। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।
गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। उनका अंतरराष्ट्रीय सफर वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब उन्होंने भारतीय टीम के साथ नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे में हिस्सा लिया।
इसके बाद वह अर्जेंटीना दौरे (2025) तथा इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे (2026) में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। लगातार अंतरराष्ट्रीय अनुभव के बाद अब उनका चयन जूनियर महिला एशिया कप के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
मधु सिदार और गीता यादव का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों से एशिया कप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है और उनके चयन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिलेगी।
