छत्तीसगढ़ : विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल में तीन नए मंत्री शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार आज राजभवन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर तीन विधायकों — राजेश अग्रवाल, खुशवंत साहेब और गजेंद्र यादव को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल रमेन डेका ने तीनों विधायकों को शपथ ग्रहण कराई।

शपथ लेने वाले तीन मंत्रियों में से राजेश अग्रवाल और खुशवंत साहेब पूर्व में कांग्रेस से जुड़े रह चुके हैं, जो अब भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नई जिम्मेदारियां निभाएंगे। शपथ ग्रहण के बाद स्टेट गैरेज से तीन नई सरकारी गाड़ियाँ भी उनके लिए पहुंचाई गईं।

राजभवन के बाहर समर्थकों ने जिंदाबाद के नारे लगाए, आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी उपस्थित रहे।

सामाजिक और भौगोलिक संतुलन पर ध्यान

भाजपा संगठन के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक व क्षेत्रीय संतुलन को प्राथमिकता दी गई है। अनुमान के मुताबिक एक मंत्री सामान्य वर्ग से, एक अनुसूचित जनजाति से और एक पिछड़ा वर्ग से लिया गया है। तीनों नए मंत्री क्रमशः बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मौजूदा मंत्रियों पर असर नहीं

संगठन ने स्पष्ट किया है कि तीन नए मंत्रियों की एंट्री के बावजूद वर्तमान मंत्रियों के विभागों में कोई बदलाव नहीं होगा। मौजूदा टीम में सभी मंत्रियों की जिम्मेदारियां यथावत रहेंगी।

आगे और नियुक्तियों की संभावना

भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अगस्त माह में संसदीय सचिवों और रिक्त निगम-मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियां भी संभव हैं। इस प्रक्रिया में वरिष्ठ और युवा नेताओं के बीच संतुलन साधा जाएगा।