छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल की बैठक जारी, रजत जयंती समारोह और खाद संकट पर हो रहा मंथन
July 30, 2025 Yogesh Katre
छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रिमंडल की अहम बैठक मंत्रालय परिसर में जारी है। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कर रहे हैं, जिसमें सभी मंत्री मौजूद हैं।
बैठक में राज्य में खाद की उपलब्धता, आगामी योजनाओं की प्रगति और छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना वर्ष (रजत जयंती वर्ष) से जुड़े आयोजनों पर चर्चा की जा रही है।
रजत जयंती वर्ष का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 15 अगस्त से 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 1 नवंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। कैबिनेट बैठक में इस कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। सभी विभागों को विशेष आयोजन के निर्देश दिए जाएंगे और इसके लिए विशेष बजट भी स्वीकृत किया जा सकता है।
इसके अलावा खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता को लेकर भी मंत्रिपरिषद विचार कर रही है। हाल ही में विपक्ष द्वारा विधानसभा के मॉनसून सत्र में खाद और बीज की कमी को लेकर उठाए गए सवालों के बीच, सरकार इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट कर सकती है। खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा और भविष्य की रणनीति पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।
बैठक में अन्य विभागीय प्रस्तावों, योजनाओं की समीक्षा और रजत जयंती वर्ष के दौरान जनसंपर्क अभियानों पर भी चर्चा हो रही है।

