छत्तीसगढ़ में गर्माया सहायक शिक्षक भर्ती मामला: D.Ed अभ्यर्थियों के समर्थन में AAP नेता उत्तम जायसवाल का आमरण अनशन आज से
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक के पदों पर डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों की नियुक्ति का मामला अब पूरी तरह से गर्मा गया है। अपनी मांगों को लेकर पिछले 150 से अधिक दिनों से रायपुर के तूता धरना स्थल पर डटे अभ्यर्थियों को अब राजनीतिक दलों का भी बड़ा समर्थन मिलने लगा है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता उत्तम जायसवाल आज (11 जून) से अभ्यर्थियों के हक में आमरण अनशन शुरू कर रहे हैं।
150 दिनों से जारी है धरना प्रदर्शन
सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थी पिछले 5 महीनों से लगातार रायपुर के तूता में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
कोर्ट के आदेश के बाद भी 2300 नियुक्तियां अटकीं: AAP
आम आदमी पार्टी ने इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर सीधा निशाना साधा है। ‘आप’ नेता उत्तम जायसवाल का आरोप है कि माननीय कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद भी विभाग द्वारा करीब 2300 पदों पर नियुक्तियां अटका कर रखी गई हैं। पार्टी का कहना है कि योग्य युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक अभ्यर्थियों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक यह आमरण अनशन जारी रहेगा।
राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज
आम आदमी पार्टी के इस कदम के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस आमरण अनशन के बाद सरकार और शिक्षा विभाग पर नियुक्तियों को लेकर दबाव और बढ़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है।
