मुख्यमंत्री निवास में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे

रायपुर। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री निवास में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान से गणपति की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की खुशहाली, प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश को बुद्धि, विवेक और शुभता का प्रतीक माना जाता है। भारतीय परंपरा में किसी भी मंगल कार्य की शुरुआत गणेश आराधना से करने की परंपरा सदियों पुरानी है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था तक सीमित पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में भाईचारे, आपसी सद्भाव और सामूहिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति में पर्व और त्योहारों का विशेष स्थान है। यहां मनाए जाने वाले उत्सव लोगों को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ परिवार एवं समाज के बीच आपसी जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। गणेशोत्सव भी इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए लोगों को एकजुटता, सहयोग और लोककल्याण के संकल्प से जोड़ता है।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित गणपति स्थापना के अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।