गोल बाजार में गणपति दर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री साय

रायपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति भक्ति से जगमगा उठा। रात में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोल बाजार पहुंचकर श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

हनुमान मंदिर के समीप बनाए गए गणेशोत्सव पंडाल में मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को मुकुट अर्पित किया और तिलक लगाकर पूजा की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने गणपति की आरती उतारी और छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास तथा प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान गणेश को प्रथम पूज्य और विघ्नहर्ता के रूप में पूजा जाता है। गणेशोत्सव हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का भी पर्व है। ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और समाज में भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक परंपराओं और उत्सवों से भी है। त्योहार हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से परिचित कराने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करे और प्रदेश के हर परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे।

117 वर्षों से जारी है गणेशोत्सव की परंपरा

गोल बाजार में गणेशोत्सव के आयोजन की 117 वर्ष पुरानी परंपरा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने समिति और स्थानीय नागरिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से किसी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का निरंतर आगे बढ़ना सामाजिक सहभागिता और आस्था की मजबूती को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पीढ़ियों से चली आ रही ऐसी परंपराएं केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने का काम भी करती हैं। इनके माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जुड़ती है।

ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत

मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच मुख्यमंत्री का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया। समिति की ओर से उन्हें गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया। पूरे गोल बाजार परिसर में श्रद्धा और उत्सव का माहौल नजर आया।

प्राचीन हनुमान मंदिर में भी की पूजा

गणेश प्रतिमा के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की तथा राजधानी की इस प्राचीन धार्मिक धरोहर के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

गौरतलब है कि गोल बाजार के हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। हर वर्ष यहां स्थापित होने वाली भव्य गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। गणेशोत्सव के दौरान रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।