भिलाई के स्पा सेंटर में पुलिस की अचानक दबिश, 7-8 युवतियां मिलीं

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में नेहरू नगर स्थित सूर्या मॉल के दूसरे तल पर संचालित एक स्पा सेंटर में रविवार को पुलिस ने औचक जांच की। सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिलने के बाद दुर्ग शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की जांच की।

जांच के दौरान मौजूद मिलीं कई युवतियां

पुलिस टीम के स्पा सेंटर पहुंचने पर वहां करीब 7 से 8 युवतियां मौजूद मिलीं। अधिकारियों ने सेंटर में मौजूद लोगों से पूछताछ की और वहां संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मौके से अनैतिक देह व्यापार संचालित होने की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, स्थिति को देखते हुए पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक और वहां मौजूद युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद किया।

बिजली-पानी कनेक्शन काटे जाने के बावजूद संचालन

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि मॉल प्रबंधन द्वारा स्पा सेंटर का बिजली और पानी का कनेक्शन पहले ही काट दिया गया था। इसके बावजूद सेंटर के भीतर लोगों की मौजूदगी मिलने पर पुलिस ने इस संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई और पूरे मामले की परिस्थितियों की पड़ताल की।

पुलिस ने संचालक को दी सख्त हिदायत

भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि पुलिस को स्पा सेंटर से जुड़ी गतिविधियों को लेकर सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि सेंटर के अंदर कुछ युवतियां मौजूद मिलीं, जिसके बाद संचालक और वहां मौजूद युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की हिदायत भी दी है।