CG Transfer: नगरीय प्रशासन विभाग में बड़ा फेरबदल, रायपुर-बिलासपुर समेत कई शहरों के इंजीनियरों के तबादले
रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग द्वारा जारी आदेश में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी, रायगढ़, जगदलपुर और चांपा समेत कई शहरों के इंजीनियरों और अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। नई पदस्थापनाओं के तहत कार्यपालन अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को अलग-अलग निकायों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, लाल महेंद्र प्रताप सिंह को नगर निगम रायपुर से स्थानांतरित कर नगर निगम बिलासपुर भेजा गया है। वहीं दिनेश नेताम को कवर्धा से संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा बृजेश श्रीवास्तव को कोण्डागांव से बिलासपुर पदस्थ किया गया है, जबकि ललित कुमार त्रिवेदी को बिलासपुर में प्रभारी कार्यपालन अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दुर्ग संभाग में भी कई बदलाव किए गए हैं। सी.बी. परगनिहा को दुर्ग से धमतरी, हेमंत कुमार साहू को भिलाई-चरौदा से नगर निगम दुर्ग और चंद्रशेखर सारथी को रायगढ़ से नगर पालिका चांपा भेजा गया है।
इसी तरह नवा रायपुर में पदस्थ गगन वासन को नगर निगम जगदलपुर में सहायक अभियंता के रूप में नई पदस्थापना दी गई है। वहीं प्रशासनिक कार्यों को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम रिसाली के कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्हें संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग में अधीक्षण अभियंता की जिम्मेदारी भी दी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यह तबादला आदेश जारी किया गया है।
