नागपुर , 24 सितंबर 2022 : IND vs AUS: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने शुक्रवार को इतिहास रचा दिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दूसरे T20 में ताबड़तोड़ छक्के लगाकर रोहित शर्मा T20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज बन गए।
रोहित न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल को पछाड़कर सिक्सर किंग बने। हिटमैन ने 20 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्के ठोक 230 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से नाबाद 46 रन जड़े।
172 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा
उन्होंने गुप्टिल के 172 छक्कों के रिकॉर्ड को पार किया। कप्तान ने आते ही धमाकेदार पारी खेली और छक्के जड़कर इस रिकॉर्ड को तोड़ डाला। रोहित शर्मा के नाम अब 176 छक्कों का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। हिटमैन ने अब तक 138 मैचों में 3677 रन बनाए हैं। T20 इंटरनेशनल में उनकी एवरेज 32.53 और 141.26 की स्ट्राइक रेट दर्ज है। विराट कोहली 100 से अधिक छक्कों के साथ एकमात्र अन्य भारतीय बल्लेबाज हैं, जो वर्तमान में T20 प्रारूप में 104 छक्के ठोक चुके हैं।
रोहित ने आते ही पहले ओवर से ही गदर मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और दे दनादन छक्के ठोक डाले। इन छक्कों के साथ ही रोहित ने वर्ल्ड रिकाॅर्ड बना दिया।
टीम इंडिया को दिलाई धमाकेदार जीत
कप्तान Rohit Sharma ने 20 गेंदों में नाबाद 46 रन की तूफानी पारी खेलते हुए टीम इंडिया को 6 विकेट से धमाकेदार जीत दिलाई। वहीं दिनेश कार्तिक ने फिनिशर की भूमिका निभाते हुए 8वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का ठोका, इसके बाद दूसरी गेंद पर चौका ठोक टीम इंडिया को जीत दिला दी।
दोनों टीमें अब तीन मैचों की सीरीज में बराबरी पर आ चुकी हैं। निर्णायक मुकाबला रविवार को हैदराबाद में खेला जाएगा। देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम सीरीज पर कब्जा जमाने में कामयाब होती है या नहीं।