FSSAI की ‘निरंतर वैधता’ व्यवस्था छत्तीसगढ़ में लागू करने की मांग: CAIT प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को सौंपा ज्ञापन, मंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
रायपुर:
देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी के नेतृत्व में कैट छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री माननीय श्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौजन्य भेंट कर उन्हें एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में भारत सरकार के भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुरूप खाद्य व्यवसाय लाइसेंस एवं पंजीयन की “निरंतर वैधता (Continuous Validity)” व्यवस्था को छत्तीसगढ़ में भी शीघ्र लागू करने का आग्रह किया गया।
हजारों खाद्य व्यवसायियों को मिलेगी राहत, व्यापार सुगमता (Ease of Doing Business) को बढ़ावा
बैठक के दौरान कैट के नेशनल वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा:
“भारत सरकार द्वारा लागू की गई FSSAI की ‘निरंतर वैधता’ व्यवस्था ‘Ease of Doing Business’ को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुधार है। इसके लागू होने से खाद्य व्यवसाय संचालकों को बार-बार लाइसेंस एवं पंजीयन के नवीनीकरण (Renewal) की जटिल प्रक्रिया से राहत मिलेगी। इससे अनावश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं कम होंगी तथा व्यापार संचालन अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुगम बन सकेगा।”
कैट ने आग्रह किया कि आवश्यक तकनीकी व प्रशासनिक औपचारिकताएं जल्द पूर्ण कर इसे लागू किया जाए, जिससे प्रदेश के हजारों छोटे-बड़े खाद्य कारोबारियों को सीधा लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए तत्काल अधिकारियों को निर्देश
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया:
-
मंत्री जी ने बैठक के दौरान ही संबंधित विभागीय उच्च अधिकारियों से दूरभाष (Phone) पर चर्चा की।
-
उन्होंने राज्य में इस व्यवस्था को लागू करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के कड़े निर्देश दिए।
कैट प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी द्वारा दिखाई गई इस त्वरित और सकारात्मक पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित
स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के दौरान कैट प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से कैट के नेशनल वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी, प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह, श्री राम मंधान, श्री भरत जैन, श्री निलेश मुंदड़ा, श्री विक्रांत राठौर एवं श्री मनीष सोनी उपस्थित रहे।
