विकास की नई इबारत लिख रहा बिलासपुर, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्रतिबद्धता: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

बिलासपुर, 2 जून 2026|

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन और विकास की बयार बह रही है। केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू तथा उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव आज सुशासन तिहार के अंतर्गत बिलासपुर के पुत्रीबाई स्कूल सामुदायिक भवन में आयोजित जिला स्तरीय शहरी समाधान शिविर में शामिल हुए।

इस भव्य आयोजन में न्यायधानी बिलासपुर के विकास को नई रफ्तार देते हुए 18 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

बिलासपुर के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी: तोखन साहू

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास को और सशक्त बनाने का एक अभिनव अभियान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को राज्य में तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।

“बिलासपुर आज तेजी से बदलती हुई न्यायधानी के रूप में उभर रहा है। फोरलेन सड़कों का निर्माण, एयरपोर्ट विस्तार की दिशा में हो रहे प्रयास तथा कोपरा जलाशय का रामसर साइट के रूप में चयन इस क्षेत्र के बढ़ते महत्व को दर्शाता है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिलासपुर के समग्र विकास के लिए आवश्यक हर सहयोग उपलब्ध कराएंगी।” – तोखन साहू, केंद्रीय राज्य मंत्री

उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि समाज का कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे।

जनता के प्रति जवाबदेही ही वास्तविक सुशासन: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और शासन के प्रति उसका बढ़ता विश्वास ही सुशासन तिहार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

श्री साव ने घोषणा करते हुए कहा कि न्यायधानी बिलासपुर को प्रदेश के सबसे विकसित शहरों में शामिल करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। विगत दो वर्षों में जिले में 412 करोड़ 57 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पुत्रीबाई सामुदायिक भवन में बाउंड्रीवॉल एवं शौचालय निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की बड़ी घोषणा की।

इन प्रमुख विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

शहरी समाधान शिविर के दौरान अतिथियों ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत कुल 18 करोड़ 50 लाख रुपए के कार्यों की आधारशिला रखी:

  • 12 करोड़ 95 लाख रुपए: अरपा राम सेतु से शनिचरी रपटा तक सड़क, नाला एवं पिचिंग कार्य।

  • 5 करोड़ 55 लाख रुपए: कुंदन पैलेस से सहारे गली होते हुए बस स्टैंड तक आरसीसी बॉक्स (RCC Box) निर्माण कार्य।

इन अधोसंरचना कार्यों से शहर की यातायात और जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस जिला स्तरीय शिविर में बिलासपुर नगर निगम के सभापति श्री विनोद सोनी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित श्री बंधुलाल मौर्य, श्री राजेश सिंह, श्रीमती सुनीता जगत, श्री विजय ताम्रकार, श्री लक्ष्मीनारायण कश्यप, श्री मोहित जायसवाल, स्थानीय पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

You may have missed