रायपुर में बिना लाइसेंस बन रही थी ब्यूटी क्रीम, ड्रग विभाग का छापा

महावीर नगर से क्रीम और फेस सीरम जब्त, एक दिन पहले गोल बाजार से पकड़ी गई थीं पाकिस्तान निर्मित 236 प्रतिबंधित क्रीम

रायपुर। पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद अब राजधानी में बिना वैध लाइसेंस कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने का खुलासा हुआ है। ड्रग विभाग की टीम ने महावीर नगर स्थित महेंद्र सचदेवा के ठिकाने पर छापेमारी कर गोरा करने वाली क्रीम और फेस सीरम बनाने का काम पकड़ा। मौके से तैयार उत्पादों के साथ निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई है।

विभागीय जांच में सामने आया कि संबंधित स्थान पर पिछले करीब एक महीने से क्रीम बनाने का काम किया जा रहा था, जबकि उत्पादन के लिए जारी लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम जब्त किए। इसके अलावा क्रीम तैयार करने और उनकी पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी कब्जे में ली गई।

मामले में महेंद्र सचदेवा ने विभागीय टीम को बताया कि उन्हें लाइसेंस की अवधि समाप्त होने की जानकारी नहीं थी। फिलहाल ड्रग विभाग ने जब्त सामग्री के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है।

एक दिन पहले गोल बाजार में जब्त हुई थीं 236 प्रतिबंधित क्रीम

इस कार्रवाई से एक दिन पहले ही ड्रग विभाग ने गोल बाजार में पाकिस्तान निर्मित प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री के मामले में छापेमारी की थी। दुकानों की जांच के दौरान ओम ब्यूटी सेंटर से कुल 236 क्रीम बरामद की गई थीं। इनमें 218 गोरी और 18 चांदनी क्रीम शामिल थीं। जब्त उत्पादों की अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है।

प्रतिबंध के बावजूद 300 से 550 रुपए में बिक्री का आरोप

पाकिस्तान में निर्मित इन क्रीमों की बिक्री को लेकर सामने आया था कि केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इन्हें बाजार में बेचा जा रहा था। दुकानदार ग्राहकों को चेहरे का रंग गोरा करने का दावा कर 300 से 550 रुपए तक में क्रीम उपलब्ध करा रहे थे।

इन क्रीमों में मरकरी यानी पारे की खतरनाक मात्रा होने की आशंका को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी भी दी गई है। पारे के संपर्क में आने से किडनी और तंत्रिका तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

बाजार में इनकी बिक्री की पड़ताल के दौरान एक दुकानदार ने ग्राहक को बताया था कि ऑनलाइन इसकी कीमत 800 रुपए है, लेकिन वह इसे 300 रुपए में उपलब्ध करा सकता है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने राजधानी में प्रतिबंधित कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री और बिना वैध लाइसेंस निर्माण पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।