युवा नवाचार और उद्यमिता से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री ने किया युवाओं से संवाद, 500 करोड़ की मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना पर दी जानकारी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति प्रदेश के विकास की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि युवा केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि अपने कौशल, नवाचार और उद्यमशीलता के माध्यम से रोजगार के नए अवसर भी पैदा करें।
राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषक मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ में प्रदेशभर से पहुंचे विद्यार्थियों, युवा नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप उद्यमियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के विचारों को नवाचार और नवाचार को सफल उद्यम में बदलने के लिए आवश्यक अधोसंरचना, तकनीकी सहयोग, वित्तीय सहायता और अनुकूल नीतिगत वातावरण तैयार कर रही है।
युवा अवसरों का इंतजार नहीं, नए अवसरों का निर्माण करें : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा केवल उपलब्ध अवसरों की प्रतीक्षा करने वाला नहीं है। उसमें अपनी प्रतिभा और क्षमता के बल पर नए अवसर पैदा करने की सामर्थ्य है। सरकार की जिम्मेदारी है कि युवाओं के विचारों को सही मंच, तकनीकी सहयोग, वित्तीय संसाधन और अनुकूल नीतियां मिलें।
इसी उद्देश्य से प्रदेश में स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
युवाओं के लिए 500 करोड़ की मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना
युवाओं के विचारों को कारोबार और उद्यम में बदलने के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना’ पर काम किया जा रहा है। इस योजना के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति-2024 में भी नए उद्यमियों के लिए कई प्रोत्साहन दिए गए हैं।
महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजनों सहित विभिन्न वर्गों की उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। स्थानीय स्तर पर अधिक रोजगार पैदा करने वाले उद्योगों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नई औद्योगिक नीति का अध्ययन कर उसमें उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं और सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए उद्योग स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान बनाया गया है।
नई औद्योगिक नीति के बाद 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद छत्तीसगढ़ को अब तक करीब 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि निवेश के कई प्रस्ताव अब जमीन पर परियोजनाओं का रूप भी ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में पारंपरिक उद्योगों के साथ ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल और अन्य उभरते क्षेत्रों में भी निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, ऊर्जा क्षमता, देश के मध्य में स्थित भौगोलिक स्थिति और बेहतर होती सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी राज्य को निवेश और उद्यमिता के लिए अनुकूल आधार प्रदान कर रही है।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य में युवाओं की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने के लिए आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वर्ष 2047 तक लगभग 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से हासिल नहीं होगा। इसके लिए युवा, किसान, उद्यमी, वैज्ञानिक, शोधार्थी और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से टेक्नोलॉजी, रिसर्च, इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्रों में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रायपुर-विशाखापट्टनम सहित महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी परियोजनाओं के विस्तार से छत्तीसगढ़ की देश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों तक पहुंच और बेहतर होगी। इसका लाभ उद्योग, व्यापार, कृषि, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में मिलेगा।
कृषि परिवार से आने का अनुभव युवाओं से साझा किया
युवाओं के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने कृषक परिवार और बगिया गांव से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी, हल चलाने तथा पशुपालन जैसे कार्यों से स्वयं जुड़े रहे हैं। इसलिए कृषि क्षेत्र की चुनौतियों के साथ-साथ उसमें मौजूद संभावनाओं को भी वे करीब से समझते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है। आधुनिक तकनीक और नवाचार को कृषि से जोड़कर युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर उद्यमिता के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
कृषि के अलावा जैव प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य उभरते क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हैं।
वनोपज और कृषि उत्पादों के वैल्यू एडिशन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को खनिज, वन संपदा और कृषि जैव विविधता की समृद्ध विरासत मिली है। इन संसाधनों का बेहतर वैल्यू एडिशन कर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए स्रोत विकसित किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बस्तर सहित प्रदेश के वन क्षेत्रों में इमली, महुआ, सीताफल और औषधीय पौधों जैसी वनोपज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। आधुनिक प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के जरिए युवा इनसे नए व्यवसाय खड़े कर सकते हैं।
इससे वन क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार बढ़ने के साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सुगंधित धान से निर्यात तक नए अवसर
एक युवा उद्यमी के सुगंधित चावल के निर्यात से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है। प्रदेश में जवाफूल, विष्णुभोग, हनुमानभोग और शीतलचीनी जैसी विशिष्ट सुगंधित धान की कई किस्में हैं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा धान की हजारों किस्मों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल कृषि उत्पादन तक सीमित नहीं होना चाहिए। प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, वैल्यू एडिशन और निर्यात की पूरी श्रृंखला विकसित करने की जरूरत है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और कृषि आधारित स्टार्टअप्स के लिए नए बाजार तैयार होंगे।
युवाओं ने बेबाकी से पूछे सवाल
कॉन्क्लेव के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करते हुए विभिन्न विषयों पर सवाल किए। स्टार्टअप फंडिंग, लोन में कोलेटरल, सरकारी योजनाओं का सहयोग, रोजगार सृजन, हॉर्टिकल्चर विद्यार्थियों के कौशल का उपयोग, सोशल मीडिया एवं इन्फ्लुएंसर इकोसिस्टम और प्रस्तावित फिल्म सिटी से रोजगार एवं व्यवसाय की संभावनाओं सहित कई विषय चर्चा में रहे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि रोजगार और व्यवसाय की प्रकृति तेजी से बदल रही है। राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं और बदलती तकनीक को ध्यान में रखते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियों और व्यवस्थाओं पर काम कर रही है।
उन्होंने युवाओं से असफलता से घबराने के बजाय नए प्रयोग करने का साहस रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई नया विचार तभी बदलाव का माध्यम बनता है, जब उसे मेहनत, कौशल और उद्यमिता से जोड़ा जाए।
बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक उपकरणों और स्टार्टअप्स के लिए विकसित सुविधाओं की जानकारी ली तथा वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से चर्चा की।
उन्होंने सेंटर में बायोसेफ्टी लेवल लैब, एनिमल कल्चर लैब, माइक्रोबियल सेल और प्लांट टिश्यू कल्चर लैब सहित विभिन्न आधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया।
सेंटर में स्टार्टअप्स के लिए इन्क्यूबेशन स्पेस, ड्राई एवं वेट लैब, प्लग एंड प्ले ऑफिस, कॉमन इंस्ट्रूमेंटेशन लैब, एनालिटिकल टेस्टिंग और बेसिक से लेकर हाई-एंड उपकरणों की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र प्रदेश के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और स्टार्टअप्स के लिए केवल प्रयोगशाला नहीं, बल्कि ‘आइडिया से इनोवेशन और इनोवेशन से एंटरप्राइज’ तक की यात्रा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उन्होंने कहा कि यहां युवा अपने विचारों को अनुसंधान से आगे ले जाकर उपयोगी उत्पादों और सफल उद्यमों में बदल सकेंगे। इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से स्टार्टअप्स को मेंटरिंग, हैंडहोल्डिंग, तकनीक हस्तांतरण, उत्पाद विकास और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थियों को डिसर्टेशन और इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह केंद्र अनुसंधान और उद्योग के बीच सेतु के रूप में काम करते हुए कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के नवाचार तंत्र को नई गति देगा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण
मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत इन्क्यूबेशन सेंटर परिसर में मौलश्री का पौधा रोपा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया।
एग्रीटेक से डीप-टेक तक नवाचारों का साझा मंच
तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव में कृषि एवं एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण एवं वैल्यू एडिशन, जैव प्रौद्योगिकी, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप-टेक, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप्स अपने नवाचार, तकनीक और उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं।
कॉन्क्लेव ने विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग जगत को एक साझा मंच उपलब्ध कराया है। यहां नए विचारों को तकनीक, बाजार और निवेश से जोड़ने की संभावनाओं पर संवाद हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों और संकल्पों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से स्वयं आगे बढ़ने के साथ ही अन्य युवाओं के लिए रोजगार और अवसर भी तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा आगे बढ़ेंगे तो छत्तीसगढ़ आगे बढ़ेगा और युवाओं के नवाचार को अवसर मिलेगा तो विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प और मजबूत होगा।
इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, युवा उद्यमी, स्टार्टअप प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
